शोभना शर्मा, अजमेर। अजमेर शहर में गुरुवार को घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने एक अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन वैशाली नगर क्षेत्र में आयोजित किया गया, जहां युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए गैस सिलेंडरों को आनासागर झील में फेंक दिया। इस कदम के जरिए उन्होंने बढ़ती महंगाई और आम आदमी की परेशानियों को उजागर करने की कोशिश की।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल रही है। मल्होत्रा ने कहा कि बीजेपी ने सत्ता में आने से पहले घरेलू गैस सिलेंडर को 400 रुपए में देने का वादा किया था, लेकिन आज वह केवल एक जुमला बनकर रह गया है। वर्तमान में गैस सिलेंडर की कीमतें इतनी अधिक हो चुकी हैं कि आम जनता के लिए रसोई गैस खरीदना भी मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने लकड़ियां इकट्ठा कीं और खुले में खाना पकाकर यह संदेश दिया कि लोग एक बार फिर पुराने ज़माने की ओर लौटने को मजबूर हो गए हैं। यह प्रदर्शन प्रतीकात्मक था, लेकिन इसमें जनता की पीड़ा स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
मल्होत्रा ने याद दिलाया कि जब कांग्रेस शासन के दौरान गैस की कीमतें थोड़ी भी बढ़ती थीं, तब बीजेपी के नेता बैलगाड़ी पर बैठकर प्रदर्शन करते थे। लेकिन आज जब स्थिति और भी गंभीर है, तब सरकार चुप्पी साधे बैठी है।
प्रदर्शन के अंत में मल्होत्रा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस के दामों में कमी नहीं की गई, तो यूथ कांग्रेस राज्यभर में उग्र आंदोलन करेगी। इस प्रदर्शन में जिला प्रभारी तेजकरण चौधरी, प्रदेश सचिव अकबर हुसैन, जिला सचिव कविता कहार, शक्ति सुपर शी कोऑर्डिनेटर तिपाशा खींची सहित कई प्रमुख युवा कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में महंगाई के खिलाफ नारे लगाए और आम जनता के हक की आवाज़ बुलंद की।