शोभना शर्मा, अजमेर। हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर शहर के बजरंगगढ़ चौराहे का नज़ारा एक भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का साक्षी बना, जब युवा कांग्रेस ने यहां भक्ति और एकता का संदेश देते हुए विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को 2100 भगवा दुपट्टे और 2100 पॉकेट हनुमान चालीसा का वितरण किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए सांस्कृतिक चेतना को जागृत करना रहा।
यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक भावनाओं से ओतप्रोत था, बल्कि इसमें सभी धर्मों और वर्गों के लोग शामिल होकर एक सामाजिक समरसता की अद्भुत तस्वीर पेश कर रहे थे। शाम 5 बजे से प्रारंभ होकर 7 बजे तक चले इस आयोजन में भक्ति रस में डूबे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को तिलक लगाकर भगवा दुपट्टा पहनाया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक रंगों से सराबोर हो उठा।
इस विशेष अवसर पर हिमाचल प्रदेश से पधारे मंडल महंत शशि गिरी जी महाराज का सान्निध्य भी प्राप्त हुआ, जिन्होंने आयोजन की गरिमा को और भी बढ़ा दिया। महंत जी ने उपस्थित युवाओं को धार्मिक आचरण, सेवा भावना और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाते हुए आशीर्वचन दिए।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने बताया कि सोशल मीडिया के इस युग में युवा तेजी से आभासी दुनिया में खोते जा रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि उन्हें अपने धर्म, संस्कृति और समाज से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में आस्था के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी पैदा होती है।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सदस्य हेमंत भाटी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेश्वरी टॉक, शहर कांग्रेस सचिव लोकेश शर्मा और सागर मीणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन राजनीतिक से ज्यादा सामाजिक सरोकार बन जाएं, तो वे समाज को जोड़ने का माध्यम बनते हैं।
इसके अलावा कार्यक्रम में प्रदेश सचिव अकबर हुसैन, अंकित पंवार, मनीषा मीणा, गर्व दत्त, फारूक खान दौराई, हर्ष टॉक, तिपाशा खींची, इलियास खान, पवन ओड, कविता कहार, ओमप्रकाश मंडावरा, अम्बे शंकर, लता कुमारी, शाहनवाज खान, दीपक कुमार और मुनींद्र मीणा जैसे अनेक युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भी पूरे उत्साह से शामिल हुए।