शोभना शर्मा। राजस्थान की राजनीति में गुरुवार को एक दिलचस्प और चर्चा का विषय बना वाकया सामने आया। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बालोतरा दौरे पर पहुंचीं, लेकिन कार्यक्रम की जानकारी स्थानीय भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तक नहीं पहुंची। जब एक कार्यकर्ता ने यह बात सीधे राजे के सामने रखी, तो पूर्व मुख्यमंत्री नाराज हो गईं और उन्होंने तुरंत विधायक अरुण चौधरी से सवाल किया कि कार्यकर्ताओं को सूचना क्यों नहीं दी गई।
इस पर विधायक अरुण चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष द्वारा मंडल अध्यक्ष, प्रधान और स्थानीय सरपंचों को पहले ही सूचना दे दी गई थी। हालांकि यही जवाब मुद्दा रोक नहीं पाया और विवाद सार्वजनिक रूप से सामने आ गया।
कार्यकर्ता ने खोली पार्टी में गुटबाजी की पोल
राजे के पूछने पर एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने खुलकर पार्टी के अंदर गुटबाजी का मामला सामने रखा। उन्होंने बताया कि कल्याणपुर मंडल में संगठन कई धड़ों में बंटा हुआ है, जिसके चलते समन्वय की भारी कमी है। कार्यकर्ता ने कहा कि वह 1996 से भाजपा से जुड़े हुए हैं, फिर भी राजे के आगमन की सूचना उन्हें नहीं दी गई और वे खुद जानकारी प्राप्त कर कार्यक्रम में पहुंचे।
इस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को शांत करते हुए कहा कि सभी लोग पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और गुटबाजी केवल नुकसान पहुंचाती है। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को साथ लेकर चलना जरूरी है।
कल्याणपुर में गुटबाजी नई नहीं, पुराने विवाद फिर सामने आए
कल्याणपुर में भाजपा की गुटबाजी कोई नया मामला नहीं है। पंचायत समिति के प्रधान पद के उपचुनाव के समय भी विवाद खुलकर सामने आया था। तब श्रवण सिंह को टिकट नहीं मिला और उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़कर कांग्रेस के समर्थन से जीत हासिल की थी। इसके बाद पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की, लेकिन उनकी दोबारा वापसी के बाद फिर असंतोष बढ़ा है। इस दौरे ने एक बार फिर इस मुद्दे को सुर्खियों में ला दिया।
धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुईं वसुंधरा राजे, महिलाओं की सराहना भी की
वसुंधरा राजे बालोतरा में आंजणा पटेल समाज के संत श्री राजेश्वर भगवान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने 65 रथों की शोभायात्रा में भाग लिया। बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में उपस्थित थीं। राजे ने कहा कि इन घूंघटों के पीछे चार्टर्ड अकाउंटेंट, असिस्टेंट प्रोफेसर, टीचर और नर्सिंग स्टाफ काम कर रहे हैं, यह समाज में महिला शिक्षा और सशक्तिकरण की बढ़ती सोच को दर्शाता है।
राजे ने साथ ही पूर्व मंत्री अमराराम चौधरी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया और विधायक अरुण चौधरी से उन्हें आगे बढ़ाने की बात कही।


