राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित संसद के ऐतिहासिक संविधान भवन में आयोजित 28वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। सम्मेलन में राष्ट्रमंडल देशों की संसदों से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधियों, पीठासीन अधिकारियों और सांसदों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को वैश्विक महत्व प्रदान किया।
राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में शीर्ष नेताओं से की शिष्टाचार भेंट
उद्घाटन समारोह के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा, अर्जुन राम मेघवाल, भागीरथ चौधरी सहित प्रदेश के सांसदों से शिष्टाचार भेंट की। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों, संसद सदस्यों और अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर संसदीय विषयों और लोकतांत्रिक परंपराओं पर संवाद किया। इस समारोह में आईपीयू की अध्यक्ष, सीपीए के चेयरपर्सन, राष्ट्रमंडल देशों की संसदों के पीठासीन अधिकारी, भारत सरकार के मंत्रीगण और विभिन्न राज्य विधान मंडलों के अध्यक्षों ने भी भाग लिया।
प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को बताया मार्गदर्शक
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रमंडल देशों के अध्यक्षों को संबोधित करते हुए दिए गए भाषण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संबोधन लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा। देवनानी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और जनभागीदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही राष्ट्रमंडल देशों के बीच आपसी सहयोग, श्रेष्ठ संसदीय प्रथाओं के आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और साझा चुनौतियों का मिलकर समाधान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस संदेश से राष्ट्रमंडल देश अपने-अपने देशों में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ कर भारत की तरह विकास के पथ पर आगे बढ़ सकते हैं।
17 जनवरी को जयपुर आएंगे राष्ट्रमंडल देशों के स्पीकर
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जानकारी दी कि नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के बाद विभिन्न देशों के स्पीकर्स 17 जनवरी को जयपुर आएंगे। उनके सम्मान में जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में राज्य विधानसभा की ओर से एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि भोज का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रमंडल देशों के अध्यक्षों का गुलाबी नगर जयपुर में भारतीय परंपरा के अनुसार स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्य और नेता प्रतिपक्ष भी उपस्थित रहेंगे।


