latest-newsअजमेरराजनीतिराजस्थान

अजमेर में वरुण सागर पर स्थापित होगी वरुण देव की मूर्ति – देवनानी

अजमेर में वरुण सागर पर  स्थापित होगी वरुण देव की मूर्ति – देवनानी

शोभना शर्मा, अजमेर।  राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर के ऐतिहासिक वरुण सागर तालाब को धार्मिक और पर्यटन दृष्टिकोण से विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) को निर्देशित किया है कि वरुण सागर पर वरुण देव की भव्य मूर्ति स्थापित की जाए और घाट निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए। यह निर्देश उन्होंने रविवार को एडीए आयुक्त नित्या के. और अन्य अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

देवनानी ने बैठक में शहर के समग्र विकास के लिए चल रहे और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि बजट घोषणाओं पर तुरंत अमल किया जाए। उन्होंने कहा कि अजमेर का सुनियोजित विकास सरकार की प्राथमिकता है और इसमें कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एडीए को निर्देश दिए कि सेक्टर रोड के प्रस्ताव जल्द से जल्द तैयार कर कार्य प्रारंभ किया जाए ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।

चामुंडा माता मंदिर रोड पर श्रद्धालुओं को रात में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने हेतु अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट्स लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं। देवनानी ने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों की आस्था को भी सम्मान मिलेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने जैन समाज के हथकरघा केंद्र के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। इसके अलावा, उन्होंने लोहागल से जनाना अस्पताल तक सड़क को चौड़ा करने और ट्रैफिक संचालन को दुरुस्त करने पर जोर दिया। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि कोई भी कार्य मानकों से नीचे न रहे।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शहर की कानून व्यवस्था को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अजमेर की पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा को सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। देवनानी ने तारागढ़ क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए 24 घंटे आरएसी की तैनाती के आदेश दिए। साथ ही दरगाह थाना पुलिस को नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने को कहा। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस का तारागढ़ में उचित उपयोग सुनिश्चित करने की बात भी कही।

उन्होंने बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा घुसपैठियों के खिलाफ नियमित धरपकड़ अभियान चलाने को कहा। नागफनी तिराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के निर्देश भी दिए गए ताकि शहरवासियों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सके। देवनानी ने कहा कि अजमेर की सुरक्षा और विकास एक साथ चलें, इसके लिए प्रशासन और पुलिस का तालमेल अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें ताकि अजमेर को एक स्मार्ट, सुरक्षित और विकसित शहर बनाया जा सके।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading