मनीषा शर्मा। पश्चिमी राजस्थान के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। लंबे समय से प्रतीक्षित जोधपुर से दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 25 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। यह ट्रेन जयपुर होकर दिल्ली कैंट तक चलेगी और सप्ताह में छह दिन यात्रियों को जोधपुर से दिल्ली की तेज और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे। संयोग यह है कि उसी दिन प्रधानमंत्री मोदी बांसवाड़ा में माही परमाणु परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे। इसी दौरान इस ट्रेन के साथ बीकानेर-दिल्ली कैंट और उदयपुर-चंडीगढ़ ट्रेन को भी शुरुआत की मंजूरी दी जाएगी।
समय सारणी और यात्रा विवरण
जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का समय इस तरह तय किया गया है कि यात्री सुबह रवाना होकर दोपहर तक दिल्ली कैंट पहुंच सकें। ट्रेन सुबह 5:30 बजे जोधपुर से रवाना होगी और दोपहर 1:30 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी।
इस दौरान ट्रेन जयपुर जंक्शन पर सुबह 9:35 बजे पहुंचेगी। जयपुर और दिल्ली के बीच तेज गति से चलने के कारण यह ट्रेन सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में यात्रियों का समय लगभग 2-3 घंटे बचाएगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत
वंदे भारत एक्सप्रेस को भारत की सबसे आधुनिक ट्रेनों में गिना जाता है। इसमें हाई स्पीड ट्रैक्शन सिस्टम, ऑटोमैटिक डोर, आरामदायक सीटें, बेहतर सफाई व्यवस्था और पूरी तरह वातानुकूलित कोच उपलब्ध होंगे। हर सीट पर मोबाइल चार्जिंग प्वॉइंट और रीडिंग लाइट्स होंगी।
यात्रियों को यात्रा के दौरान न केवल आराम बल्कि बेहतर खान-पान की सुविधा भी दी जाएगी। इसका संचालन और खानपान की व्यवस्था आईआरसीटीसी (IRCTC) द्वारा किया जाएगा।
यात्रियों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था
इस ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को ब्रेकफास्ट और लंच दोनों उपलब्ध होंगे। पैकेज्ड पानी की बोतल सभी यात्रियों को दी जाएगी।
ब्रेकफास्ट मेन्यू में शामिल है:
उपमा
बेसन का चिला
बिस्किट आदि
लंच मेन्यू में शामिल है:
चावल
दाल
परांठा
पनीर की सब्जी
मिक्स वेज
गट्टे की सब्जी
इसके अलावा जो यात्री नॉनवेज पसंद करते हैं, उनके लिए भी अलग से ऑर्डर पर नॉनवेज भोजन की व्यवस्था की गई है।
क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी को नई दिशा
जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ राजस्थान के पश्चिमी हिस्से को राजधानी दिल्ली से जोड़ने में एक मील का पत्थर साबित होगा। इससे पर्यटन, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत होगी। खासतौर से जोधपुर, जयपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले छात्रों, कारोबारियों और पर्यटकों को तेज गति और समय की बचत का लाभ मिलेगा।
सरकार का मानना है कि यह ट्रेन राजस्थान में न केवल यात्री सुविधा को बढ़ाएगी बल्कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी।


