शोभना शर्मा। इंडोनेशिया में iPhone 16 पर लगा बैन जल्द ही हट सकता है। इस खबर ने Apple लवर्स को राहत की उम्मीद दी है। इंडोनेशिया के इंवेस्टमेंट मिनिस्टर रोसान रोस्लानी (Rosan Roeslani) ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि की है कि सरकार और Apple के बीच बातचीत चल रही है। उन्होंने संकेत दिया कि अगले एक या दो हफ्तों में इस मामले का हल निकाला जा सकता है।
बैन की वजह क्या थी?
पिछले साल, इंडोनेशिया सरकार ने iPhone 16 की सेल पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसका मुख्य कारण था सरकार की TKDN (Tingkat Komponen Dalam Negeri) पॉलिसी, जिसके तहत कंपनियों को अपने प्रोडक्ट्स में 40% लोकल कंपोनेंट्स का उपयोग करना अनिवार्य है। Apple ने शुरू में इंडोनेशिया में निवेश करने और लोकल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने का वादा किया था। हालांकि, कंपनी इन शर्तों को पूरी तरह से लागू नहीं कर पाई। इसके चलते इंडोनेशिया सरकार ने iPhone 16 के लिए जरूरी TKDN सर्टिफिकेशन जारी नहीं किया, जिससे इस मॉडल की बिक्री पर रोक लग गई।
Apple की चुनौतियां
Apple को इंडोनेशिया में अपनी नीतियों को लेकर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कंपनी ने कुछ निवेश किया, लेकिन सरकार की अपेक्षाओं के मुताबिक यह पर्याप्त नहीं था। Apple के सीईओ टिम कुक ने इंडोनेशिया में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद, प्रोडक्शन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी, जिससे सरकार की नाराजगी बढ़ गई। इसी के चलते, iPhone 16 को इंडोनेशिया में लॉन्च नहीं किया जा सका, और Apple को लोकल पार्ट्स और मैन्युफैक्चरिंग पॉलिसी को लेकर विरोध झेलना पड़ा।
क्या है मौजूदा स्थिति?
हाल ही में, रोसान रोस्लानी ने ब्लूमबर्ग से बातचीत में बताया कि Apple और इंडोनेशिया सरकार के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा “हम इस मामले को हल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। अगले एक या दो हफ्तों में डील हो सकती है।” इस बयान से यह स्पष्ट है कि सरकार iPhone 16 पर बैन हटाने के लिए तैयार है, बशर्ते Apple लोकल पार्ट्स और निवेश संबंधी शर्तों को पूरा करे।
Apple को राहत की उम्मीद
Apple के लिए यह खबर काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इंडोनेशिया दक्षिण-पूर्व एशिया का एक बड़ा बाजार है। अगर बैन हटता है, तो iPhone 16 की बिक्री के साथ-साथ कंपनी को इंडोनेशिया में अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका मिलेगा। Apple के फैंस और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि यह डील जल्द फाइनल होगी और iPhone 16 की इंडोनेशिया में वापसी संभव होगी।


