मनीषा शर्मा। अजमेर के कोटड़ा स्थित बैरवा बस्ती की श्रीराम कॉलोनी में एक लेपर्ड का मूवमेंट देखने को मिला, जिसने कॉलोनी के निवासियों को दहशत में डाल दिया। घटना की शुरुआत रात लगभग 12:30 बजे से हुई, जब कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज से लोग जाग गए। लोगों को शक हुआ, और पास के एक कोचिंग सेंटर में रहने वाले छात्रों से संपर्क किया गया। कोचिंग सेंटर के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज में एक लेपर्ड साफ-साफ दिखाई दे रहा था।
लेपर्ड का कॉलोनी में घूमना और लोगों की प्रतिक्रिया
स्थानीय निवासी योगेश ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे टेलीफोन एक्सचेंज के पास से लेपर्ड का मूवमेंट शुरू हुआ। लोगों के अनुसार, लेपर्ड सुबह 4 बजे तक कॉलोनी में चहलकदमी करता रहा, और इस दौरान कुत्ते लगातार भौंकते रहे। कुत्तों के भौंकने और CCTV फुटेज में लेपर्ड के दिखाई देने के बाद लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
वार्ड के पार्षद मनोज मामनानी ने बताया कि कॉलोनी में करीब 500 घरों की आबादी है। जब लोगों ने फुटेज में लेपर्ड को देखा, तो कुत्ते उसके पीछे भागते हुए भी नजर आए। सुबह दोबारा फुटेज देखने पर पता चला कि लेपर्ड ने करीब 3.30 घंटे तक गलियों में घूमने के बाद कॉलोनी छोड़ी।
वन विभाग की कार्रवाई और लोगों के लिए निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। असिस्टेंट कंजर्वेटर मुल्केश सरवन ने बताया कि मौके पर पगमार्क की तलाश की गई, लेकिन कोई निशान नहीं मिले। वन विभाग ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे सावधान रहें और शाम के समय बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें। वन विभाग की टीम को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि लेपर्ड दोबारा नजर आता है तो उसे पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों में डर और अफवाहें
स्थानीय निवासियों के अनुसार, लेपर्ड ने एक कुत्ते को भी खींचकर बीएसएनएल के ऑफिस की ओर ले गया। हालांकि, वन विभाग की टीम ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है। टीम को कुत्ता नहीं मिला है, इसलिए इसे अफवाह माना जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कलेक्टर लोक बंधु से कॉल कर मामले में उचित कार्रवाई करने के लिए कहा।


