शोभना शर्मा। टाटा ग्रुप के भीतर एक बड़ी प्रशासनिक हलचल देखने को मिली है। एन. चंद्रशेखरन, जिन्होंने टाटा केमिकल्स लिमिटेड के चेयरमैन और डायरेक्टर के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, ने इन दोनों पदों से इस्तीफा दे दिया है। यह बदलाव 29 मई 2025 से प्रभावी होगा और कंपनी ने इस निर्णय की जानकारी 28 मई को स्टॉक एक्सचेंज को भी दे दी है।
टाटा केमिकल्स के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने एक अहम बैठक में यह फैसला लिया और एस. पद्मनाभन को कंपनी का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले कंपनी के बोर्ड में बतौर डायरेक्टर कार्यरत थे और अब 30 मई 2025 से चेयरमैन के रूप में अपनी नई भूमिका संभालेंगे।
चंद्रशेखरन का इस्तीफा: जिम्मेदारियों के मूल्यांकन के बाद लिया फैसला
एन. चंद्रशेखरन ने अपने इस्तीफे में लिखा,
“मैं आपको औपचारिक रूप से सूचित करने के लिए लिख रहा हूं कि मैं 29 मई 2025 से टाटा केमिकल्स लिमिटेड के निदेशक मंडल के अध्यक्ष और निदेशक के रूप में अपने पद से हटने जा रहा हूं। अपनी मौजूदा और भविष्य की प्रतिबद्धताओं का सावधानी से मूल्यांकन करने के बाद, मैंने बोर्ड से हटने का फैसला किया है। टाटा केमिकल्स बोर्ड की अध्यक्षता करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है और मैं अपने कार्यकाल के दौरान मिले समर्थन और सहयोग की ईमानदारी से सराहना करता हूं।”
उनके इस फैसले को स्वैच्छिक और संगठनात्मक दृष्टि से रणनीतिक माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने अपने बढ़ते दायित्वों और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।
मोदन साहा बने नए नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर
इसी मीटिंग में एक और अहम फैसला लिया गया, जिसके अंतर्गत मोदन साहा को टाटा केमिकल्स का अतिरिक्त निदेशक (नॉन-एग्जीक्यूटिव, नॉन-इंडिपेंडेंट) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति 28 मई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी और इसे कंपनी की नॉमिनेशन एंड रिम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिशों के आधार पर मंजूरी दी गई है। मोदन साहा कॉर्पोरेट प्रशासन और रणनीतिक दिशा में अपने अनुभव के लिए जाने जाते हैं, जिससे कंपनी को आगे बढ़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बोर्ड ने जताया चंद्रशेखरन के प्रति आभार
टाटा केमिकल्स के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने चंद्रशेखरन के कार्यकाल की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि उनके नेतृत्व में कंपनी को स्थिरता, सशक्त मार्गदर्शन और दीर्घकालिक दृष्टिकोण मिला। बोर्ड ने उनके योगदान को “बहुमूल्य” बताया और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।


