शोभना शर्मा। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) ने वर्ष 2025 के लिए आयोजित होने वाली 21 भर्ती परीक्षाओं की संशोधित तिथियों की घोषणा कर दी है। ये परीक्षाएं अब 2 जून से 16 जून के बीच आयोजित की जाएंगी। बोर्ड द्वारा जारी किया गया यह संशोधित भर्ती कैलेंडर उन अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्होंने विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए आवेदन किया है।
बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने जानकारी दी कि परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन आवश्यक प्रशासनिक कारणों और लॉजिस्टिक व्यवस्था के चलते किया गया है। सभी परीक्षाएं राज्य के विभिन्न केंद्रों पर ऑफलाइन मोड में निर्धारित तिथियों के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
आंसर-की जारी, आपत्तियों के लिए समय निर्धारित
इसी के साथ बोर्ड ने जेल प्रहरी, सर्वेयर, जूनियर इंजीनियर समेत कुल 13 भर्ती परीक्षाओं की आंसर-की (उत्तर कुंजी) भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। अभ्यर्थी इन उत्तर कुंजियों को देखकर अपनी उत्तर पुस्तिकाओं का मिलान कर सकते हैं।
अगर किसी उत्तर पर आपत्ति है, तो अभ्यर्थी 17 मई से 19 मई 2025 तक आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। आपत्ति दर्ज करने के लिए अभ्यर्थियों को RSMSSB की वेबसाइट rsmssb.rajasthan.gov.in पर लॉग इन करना होगा और संबंधित परीक्षा के लिंक पर क्लिक करके आपत्ति फॉर्म भरना होगा।
साक्ष्य में छेड़छाड़ पर होगी कानूनी कार्रवाई
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आपत्ति दर्ज करते समय साक्ष्य में किसी प्रकार की कूटरचना (छेड़छाड़) करना अपराध माना जाएगा। ऐसा पाए जाने पर अभ्यर्थी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।
साथ ही आपत्ति दर्ज करते समय प्रमाण स्वरूप केवल स्टैंडर्ड ऑथेंटिक किताबों से पृष्ठ संलग्न करने होंगे। इन प्रमाणों के प्रत्येक पृष्ठ पर रोल नंबर, प्रश्न की क्रम संख्या, पुस्तक का नाम, लेखक, प्रकाशक, संस्करण और पृष्ठ संख्या स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य है।
ऐसे चेक करें आंसर-की
अभ्यर्थी सबसे पहले RSMSSB की वेबसाइट पर जाएं
होमपेज पर ‘Answer Key’ या संबंधित परीक्षा लिंक पर क्लिक करें
लॉगिन क्रेडेंशियल्स (जैसे रोल नंबर और पासवर्ड) दर्ज करें
स्क्रीन पर उत्तर कुंजी प्रदर्शित होगी, जिसे आप डाउनलोड या प्रिंट कर सकते हैं
जेल प्रहरी परीक्षा में 74.33% उपस्थिति
बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा 12 अप्रैल 2025 को प्रदेश के 38 जिलों में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 803 पदों के लिए 8,20,942 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 6,10,168 उम्मीदवारों ने परीक्षा में भाग लिया। इस प्रकार परीक्षा में 74.33 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
फाइनल आंसर-की के बाद रिजल्ट
बोर्ड ने यह भी बताया है कि आपत्तियों के निपटारे के बाद फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी, जिसके आधार पर रिजल्ट घोषित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल मान्य प्रमाणों के आधार पर आपत्तियां दर्ज करें और प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखें।