राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने वर्ष 2026 के भर्ती कैलेंडर के अनुसार आगामी महीनों में बड़ी संख्या में भर्ती परीक्षाओं के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। आयोग जुलाई तक 9737 पदों के लिए विभिन्न भर्ती परीक्षाएं आयोजित करेगा, जिनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अध्यापक, प्राध्यापक (कृषि), कोच और अन्य महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इसके अलावा इसी वर्ष राज्य की सबसे प्रतिष्ठित और चर्चित भर्ती परीक्षा आरएएस 2026 प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन भी प्रस्तावित है।
आयोग द्वारा जारी भर्ती कार्यक्रम के अनुसार वर्ष 2026 में कुल 12 हजार 143 पदों के लिए भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जानी हैं। इनमें से जनवरी से अप्रैल के बीच 2430 पदों से संबंधित परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा चुकी हैं। अब वर्ष के शेष महीनों में हजारों पदों के लिए परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
भर्ती कैलेंडर के अनुसार सबसे बड़ी परीक्षाओं में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच भर्ती परीक्षा शामिल है। यह परीक्षा 3225 पदों के लिए आयोजित की जाएगी और इसका आयोजन 31 मई से 11 जून तक किया जाएगा। इसके बाद वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा का आयोजन 12 जुलाई से 18 जुलाई के बीच किया जाएगा। यह भर्ती 6500 पदों के लिए प्रस्तावित है और इसे राज्य की सबसे बड़ी शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में माना जा रहा है।
आयोग ने विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं की तिथियां भी निर्धारित कर दी हैं। जयपुर विकास प्राधिकरण में कनिष्ठ विधि अधिकारी के 12 पदों के लिए परीक्षा 26 और 27 जुलाई को आयोजित होगी। सांख्यिकी विभाग में सांख्यिकी अधिकारी के 113 पदों के लिए परीक्षा 30 अगस्त को प्रस्तावित है। गृह अभियोजन विभाग में सहायक नियोजन अधिकारी के 371 पदों के लिए परीक्षा 2 सितम्बर को आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा कारखाना एवं बॉयलर्स विभाग में निरीक्षक फैक्टरी बॉयलर्स के 13 पदों के लिए परीक्षा 20 सितम्बर को होगी। विधि विज्ञान विभाग में सहायक निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी के 28 पदों की भर्ती परीक्षा 13 से 16 अक्टूबर के बीच आयोजित की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग में संरक्षण अधिकारी के 12 पदों के लिए परीक्षा 15 नवम्बर को प्रस्तावित है।
प्रदेश के प्रशासनिक सेवा अभ्यर्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण आरएएस 2026 प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 29 नवम्बर को किया जाएगा। इस भर्ती के तहत 607 पदों पर चयन किया जाएगा। आरएएस परीक्षा हर वर्ष लाखों अभ्यर्थियों के आकर्षण का केंद्र रहती है और इसे राजस्थान की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है। इसके अतिरिक्त माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्राध्यापक विशेष शिक्षा के 121 पदों के लिए परीक्षा 6 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी।
आयोग को हाल ही में विभिन्न विभागों से अतिरिक्त पदों की अभ्यर्थनाएं भी प्राप्त हुई हैं। इनमें आरएएस 2026 के 607 पदों के अलावा सहायक अभियोजन अधिकारी भर्ती के 371 पद शामिल हैं। आयोग ने वर्ष के अंत में 29 नवम्बर, 6 दिसम्बर और 27 दिसम्बर की कुछ तिथियां अन्य संभावित भर्ती परीक्षाओं के लिए भी आरक्षित रखी हैं, ताकि नई अभ्यर्थनाएं मिलने पर समय पर परीक्षा आयोजित की जा सके।
इतनी बड़ी संख्या में परीक्षाओं के आयोजन के लिए आयोग व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है। प्रदेशभर में दो हजार से अधिक परीक्षा केंद्रों की आवश्यकता होगी। परीक्षाओं की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक हजार से अधिक वीडियोग्राफर तथा सीसीटीवी व्यवस्था की जरूरत पड़ेगी। इसके साथ ही तीन हजार से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी परीक्षा संचालन में लगाए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। परीक्षा सामग्री के परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पांच सौ से अधिक वाहनों सहित कई संसाधनों की आवश्यकता होगी।
इसी बीच आयोग ने प्राध्यापक विशेष शिक्षा भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू करने की घोषणा की है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 121 पदों के लिए आवेदन सोमवार से शुरू होंगे। आरपीएससी सचिव रामनिवास मेहता के अनुसार अभ्यर्थी 30 जून की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती से संबंधित शैक्षणिक योग्यता, वर्गवार पदों का विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी आयोग की आधिकारिक अधिसूचना एवं वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे तथा ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे। इस भर्ती की परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
दूसरी ओर कॉलेज शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। आयोग के तत्वावधान में सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) 2023 भर्ती के विभिन्न विषयों के साक्षात्कार सोमवार से प्रारंभ होंगे। इनमें इतिहास विषय के आठवें चरण, ईएएफएफएम के चौथे चरण, शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक के चौथे चरण तथा पुस्तकालयाध्यक्ष के प्रथम चरण के साक्षात्कार शामिल हैं। इसके अलावा बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विषय के सहायक आचार्य पदों के लिए साक्षात्कार 4 जून से शुरू किए जाएंगे।
आयोग ने साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सभी मूल शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक दस्तावेज, उनकी स्वप्रमाणित प्रतियां, फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र तथा नवीन रंगीन फोटो साथ लाने के निर्देश दिए हैं। आरपीएससी की ओर से भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने के प्रयासों को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में हजारों युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति का अवसर मिल सकता है। प्रदेशभर के प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों की नजर अब इन महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं और उनके परिणामों पर टिकी हुई है।


