मनीषा शर्मा, अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने उप निरीक्षक (दूरसंचार) गृह विभाग परीक्षा-2024 की तारीख की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा 9 नवंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। आयोग ने इसके एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं, जिन्हें उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट या एसएसओ पोर्टल से डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती परीक्षा के माध्यम से कुल 98 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। परीक्षा का आयोजन राज्य के पांच संभागीय जिला मुख्यालयों पर होगा। आयोग के अनुसार, इस परीक्षा के लिए 77 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है, जिससे प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी रहने की संभावना है।
कैसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
राजस्थान लोक सेवा आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन-पत्र क्रमांक और जन्म तिथि दर्ज कर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त उम्मीदवार एसएसओ पोर्टल (SSO Portal) पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र के साथ आयोग ने परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, जिन्हें उम्मीदवारों को ध्यानपूर्वक पढ़ना आवश्यक है।
ओएमआर उत्तर पत्रक के लिए अतिरिक्त समय
आयोग ने बताया कि परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न पत्र हेतु ओएमआर उत्तर पत्रक (OMR Sheet) में पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को उत्तर शीट को सही ढंग से भरने का पर्याप्त समय देना है, ताकि किसी भी तकनीकी त्रुटि या जल्दबाजी के कारण गलत उत्तर अंकित न हो।
एक घंटे पहले मिलेगा प्रवेश, देर से आने वालों को प्रवेश नहीं
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। RPSC ने कहा कि अभ्यर्थी परीक्षा के दिन निर्धारित समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचे, ताकि सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन का कार्य समय पर पूरा किया जा सके। यदि कोई उम्मीदवार देर से पहुंचता है, तो जांच प्रक्रिया में लगने वाले समय के कारण वह परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएगा।
फोटोयुक्त पहचान पत्र आवश्यक
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थी मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों। यदि आधार कार्ड पर फोटो पुराना या अस्पष्ट है, तो अभ्यर्थी मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे अन्य मूल पहचान पत्र जिसमें स्पष्ट और नवीनतम फोटो हो, प्रस्तुत कर सकते हैं। साथ ही, अभ्यर्थी यह सुनिश्चित करें कि प्रवेश पत्र (Admit Card) पर नवीनतम रंगीन फोटो चस्पा हो। मूल पहचान पत्र के अभाव में किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
किसी के बहकावे में न आएं – आयोग की चेतावनी
आयोग ने अभ्यर्थियों को सचेत किया है कि वे किसी दलाल, बिचौलिये, समाजकंटक या अपराधी के बहकावे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत, पैसे या किसी अन्य प्रकार के प्रलोभन की मांग करता है, तो उसकी सूचना प्रमाण सहित आयोग के कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212, 2635255 पर तुरंत दें। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2022 के अंतर्गत परीक्षा में अनुचित साधन (Unfair Means) अपनाने या कदाचार (Malpractice) में संलिप्त पाए जाने पर कठोर दंड का प्रावधान है। दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा, आरोपी की चल-अचल संपत्ति भी कुर्क की जा सकती है।
आयोग ने दी परीक्षा से पहले महत्वपूर्ण सलाहें
अभ्यर्थी परीक्षा से संबंधित आधिकारिक सूचना केवल RPSC की वेबसाइट से ही देखें।
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद उस पर दी गई जानकारी और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और अपने सभी दस्तावेज साथ रखें।
किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, सामूहिक नकल या कदाचार से दूर रहें।


