राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर इस बार कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आयोग सूत्रों के अनुसार, इस बार एसआई भर्ती परीक्षा तीन पारियों के बजाय केवल दो पारियों में आयोजित किए जाने की संभावना है। परीक्षा के लिए करीब पौने आठ लाख (लगभग 7.75 लाख) अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आयोग ने इस परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 5 अप्रैल 2026 तय कर रखी है। एसआई भर्ती परीक्षा में हमेशा की तरह हिंदी और सामान्य ज्ञान (GK) के प्रश्नपत्र होंगे। पिछली बार एसआई भर्ती-2021 का एग्जाम तीन पारियों में हुआ था, लेकिन उस भर्ती में सामने आए पेपर लीक और डमी कैंडिडेट्स के मामलों से सबक लेते हुए आयोग इस बार परीक्षा व्यवस्था को ज्यादा सख्त और पारदर्शी बनाने की तैयारी कर रहा है।
पिछली भर्ती से सबक, इस बार सुरक्षा पर खास जोर
RPSC के मुख्य परीक्षा नियंत्रक (आईएएस) आशुतोष गुप्ता ने कहा कि पिछली एसआई भर्ती और इस बार होने वाली भर्ती परीक्षा के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बड़े बदलाव किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आयोग ने ऐसे नवाचार लागू किए हैं, जिनसे पेपर लीक और डमी कैंडिडेट्स की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी। आयोग के अनुसार, ये बदलाव पहले कुछ अन्य परीक्षाओं में लागू किए जा चुके हैं और अब एसआई भर्ती में इन्हें पूरी सख्ती से लागू किया जाएगा।
लाइव फोटो कैप्चर से डमी कैंडिडेट्स पर लगाम
डमी कैंडिडेट और फोटो टेंपरिंग की समस्या रोकने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों को आवेदन के समय लाइव फोटो कैप्चर कराना अनिवार्य होगा। परीक्षा के दौरान की जाने वाली वीडियोग्राफी में परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थी की फोटो का मिलान OTR में कैप्चर की गई लाइव फोटो से किया जाएगा। इससे किसी दूसरे व्यक्ति के परीक्षा देने की संभावना नहीं रहेगी।
हस्तलेखन और अंगूठे के निशान की अनिवार्यता
इस बार परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवार को परीक्षक के सामने हस्ताक्षर करने और अंगूठे का निशान लगाने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही उपस्थिति पत्रक में हस्तलेखन का नमूना भी लिया जाएगा। उम्मीदवार को निरीक्षक की मौजूदगी में एक निर्धारित वाक्य लिखना होगा, जिसे सत्यापित कर उसके हस्ताक्षर कराए जाएंगे। यह व्यवस्था भविष्य में किसी भी तरह के विवाद या जांच में अहम भूमिका निभाएगी।
एडमिट कार्ड में QR कोड और वाटरमार्क
एसआई भर्ती 2025 में एडमिट कार्ड को पूरी तरह से छेड़छाड़-रोधी बनाया जा रहा है। अब एडमिट कार्ड में:
उम्मीदवार की फोटो वाला वाटरमार्क
उम्मीदवार के पूरे विवरण वाला QR कोड
दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर QR कोड स्कैन कर तुरंत अभ्यर्थी का सत्यापन किया जा सकेगा। यह सुविधा पिछली एसआई भर्ती परीक्षा में उपलब्ध नहीं थी।
OMR शीट में मिलेगा पांचवां विकल्प
इस बार OMR शीट में पांच विकल्प दिए जाएंगे और सभी में से किसी एक विकल्प को भरना अनिवार्य होगा। पहले चार विकल्पों में से एक उत्तर चुनना होता था। यदि कोई अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है, तो उसे पांचवां विकल्प भरना जरूरी होगा। ऐसा नहीं करने पर नेगेटिव मार्किंग या अभ्यर्थी को अपात्र घोषित किए जाने का प्रावधान रखा गया है। यह नियम भी पिछली भर्ती में लागू नहीं था।
इंटरव्यू में टोकन सिस्टम लागू
मुख्य परीक्षा के बाद होने वाले इंटरव्यू में टोकन सिस्टम लागू किया जाएगा। इसमें उम्मीदवार गुमनाम रूप से एक टोकन चुनता है, जिसके आधार पर उसे इंटरव्यू बोर्ड आवंटित किया जाता है। इस व्यवस्था से इंटरव्यू से पहले यह पता नहीं चलेगा कि कौन-सा उम्मीदवार किस बोर्ड के सामने जाएगा, जिससे पक्षपात की आशंका खत्म हो जाएगी।
बड़ी फोटो और फिंगरप्रिंट अनिवार्य
उपस्थिति पत्रक प्रोफार्मा में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब इसमें बड़े आकार की फोटो और उम्मीदवार की उंगलियों के निशान शामिल होंगे। यह व्यवस्था भी एसआई भर्ती-2021 में नहीं थी।
एसआई भर्ती-2021 क्यों हुई थी रद्द
राजस्थान हाई कोर्ट ने 28 अगस्त 2025 को एसआई भर्ती-2021 को रद्द कर दिया था। उस भर्ती में 859 पदों के लिए परीक्षा हुई थी। जांच में सामने आया था कि पेपर लीक मामले में कई ट्रेनी एसआई तक शामिल थे। इस केस में RPSC के 6 सदस्यों की भूमिका सामने आई थी। कोर्ट ने भर्ती रद्द करते हुए उसके पदों को 2025 की नई भर्ती में जोड़ने के आदेश दिए थे। इसी कारण आयोग इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।
बड़ी गिरफ्तारियों ने हिलाया था सिस्टम
एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में:
RPSC के पूर्व सदस्य रामूराम राईका, उसके बेटे देवेश राईका और बेटी शोभा राईका गिरफ्तार हुए
निलंबित RPSC सदस्य बाबूलाल कटारा से पेपर लेने की पुष्टि हुई
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के PSO राजकुमार यादव और उसके बेटे की भी गिरफ्तारी हुई
इन घटनाओं ने पूरे भर्ती सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए थे।


