शोभना शर्मा। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (आरएएस)-2023 अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। आयोग ने घोषणा की है कि आरएएस-2023 भर्ती के लिए आठवें चरण के साक्षात्कार (इंटरव्यू) 25 अगस्त से शुरू होंगे, जो 18 सितम्बर तक चलेंगे। आयोग ने इस चरण में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों के इंटरव्यू लेटर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक से अपने साक्षात्कार पत्र डाउनलोड करने होंगे और निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में उपस्थित होना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उम्मीदवार को ऑफलाइन माध्यम से साक्षात्कार पत्र नहीं भेजा जाएगा और न ही ऑफलाइन विस्तृत आवेदन पत्र या सेवा प्राथमिकता क्रम स्वीकार किए जाएंगे।
इंटरव्यू प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज
साक्षात्कार में उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों को आयोग के समक्ष ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र, अटेस्टेशन फार्म और सेवा प्राथमिकता क्रम की दो प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। इसके अलावा, सभी संलग्न दस्तावेजों की एक स्वहस्ताक्षरित प्रति और मूल दस्तावेज भी साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि इन दस्तावेजों के बिना उम्मीदवार को इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
आरएएस-2023 भर्ती की शुरुआत और बढ़े हुए पद
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने आरएएस-2023 भर्ती का विज्ञापन 28 जून 2023 को जारी किया था। प्रारंभ में आयोग ने 905 पदों (राज्य सेवा के 424 और अधीनस्थ सेवा के 481) पर आवेदन मांगे थे। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2023 रखी गई थी। बाद में पदों की संख्या बढ़ाकर 972 कर दी गई, जिसमें राज्य सेवा के 491 और अधीनस्थ सेवा के 481 पद शामिल किए गए।
इस भर्ती के लिए लगभग 6 लाख 96 हजार 969 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। प्रारंभिक परीक्षा 1 अक्टूबर 2023 को आयोजित की गई, जिसमें 4 लाख 57 हजार 927 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। आपत्तियों के परीक्षण के बाद 20 अक्टूबर 2023 को आरएएस-2023 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया।
मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू तक का सफर
प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर 19 हजार 355 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया। इसके बाद आरएएस मुख्य परीक्षा का आयोजन 20 और 21 जुलाई 2024 को हुआ। परीक्षा परिणाम 2 जनवरी 2025 को जारी किया गया, जिसमें 2,168 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए अस्थायी रूप से सफल घोषित किया गया। इनमें से 2 उम्मीदवारों का परिणाम शील्ड कवर में रखा गया, 20 उम्मीदवारों का परिणाम रद्द किया गया और 3 उम्मीदवारों का परिणाम प्रशासनिक कारणों से होल्ड किया गया।
आयोग ने इंटरव्यू प्रक्रिया को कई चरणों में विभाजित किया। पहला चरण 21 अप्रैल 2025 से शुरू हुआ था और वर्तमान में चल रहा 7वां चरण 21 अगस्त 2025 तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद 25 अगस्त से अंतिम चरण के इंटरव्यू शुरू होंगे, जो 18 सितम्बर तक चलेंगे।
आरएएस-2024 भर्ती पर भी नजर
आरएएस-2023 की इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही उम्मीदवारों की निगाहें आरएएस-2024 भर्ती पर भी टिकी हुई हैं। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने फरवरी 2025 में 733 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1,096 कर दिया गया। इसमें राज्य सेवा के 428 और अधीनस्थ सेवा के 668 पद शामिल हैं।
आरएएस-2024 प्रारंभिक परीक्षा 2 फरवरी 2025 को आयोजित हुई थी, जिसमें 3 लाख 75 हजार 657 उम्मीदवारों ने भाग लिया। इनमें से 21 हजार 539 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया। मुख्य परीक्षा का आयोजन 17 और 18 जून 2025 को अजमेर और जयपुर के 77 केंद्रों पर हुआ था। परीक्षा में बड़ी संख्या में उम्मीदवार शामिल हुए और अब सभी को परिणाम का बेसब्री से इंतजार है।


