शोभना शर्मा। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने असिस्टेंट प्रोफेसर (मेडिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट) भर्ती परीक्षा-2024 की मॉडल उत्तर कुंजी (Answer Key) जारी कर दी है। आयोग ने अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी प्रदान किया है। आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 24 मई से शुरू होगी और इसकी अंतिम तिथि 26 मई 2025, रात 12 बजे तक निर्धारित की गई है।
किन विषयों की उत्तर कुंजी हुई जारी?
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने जानकारी दी कि यह मॉडल उत्तर कुंजी कुल आठ विषयों के लिए जारी की गई है। इन विषयों की परीक्षाएं 12 से 15 मई 2025 के बीच आयोजित की गई थीं। परीक्षाओं के मॉडल प्रश्न पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।
कैसे और कहां दर्ज कराएं आपत्तियां?
उत्तर कुंजी पर आपत्तियां केवल ऑनलाइन मोड में ही दर्ज की जा सकेंगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को RPSC की आधिकारिक वेबसाइट या SSO पोर्टल पर जाकर रिक्रूटमेंट पोर्टल के जरिए ‘Question Objection’ लिंक पर क्लिक करना होगा। वहां से अभ्यर्थी संबंधित प्रश्नों पर आपत्ति दर्ज कर सकेंगे।
आपत्तियां केवल उन्हीं प्रश्नों पर की जा सकती हैं, जो मॉडल प्रश्न पत्र में शामिल हैं।
प्रत्येक प्रश्न के लिए आपत्ति दर्ज कराने पर 100 रुपए प्रति प्रश्न शुल्क लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सेवा शुल्क (Service Charge) भी देय होगा।
शुल्क का भुगतान अभ्यर्थी ई-मित्र कियोस्क के माध्यम से या स्वयं ऑनलाइन गेटवे से कर सकता है।
प्रमाण के बिना आपत्तियां होंगी खारिज
RPSC ने स्पष्ट किया है कि आपत्तियां प्रामाणिक स्रोतों जैसे मान्य पुस्तकों और संदर्भ सामग्री के साथ दर्ज करनी होंगी। यदि अभ्यर्थी प्रमाण के बिना आपत्ति करता है, तो ऐसी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही केवल वही अभ्यर्थी आपत्ति दर्ज कर सकते हैं, जिन्होंने संबंधित विषय की परीक्षा दी है। कोई अन्य व्यक्ति या बाहरी अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकता।
तकनीकी समस्याओं के लिए हेल्पडेस्क
यदि ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करते समय किसी प्रकार की तकनीकी दिक्कत आती है, तो अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल कर सकते हैं या फिर 9352323625 और 7340557555 पर कॉल करके सहायता प्राप्त कर सकते हैं।


