मनीषा शर्मा। राजस्थान में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। ऊर्जा विभाग ने 2163 पदों पर भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। यह वैकेंसी प्रदेश के विद्युत उत्पादन निगम और वितरण निगमों में निकली है। दसवीं पास उम्मीदवार आज से लेकर 25 सितंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऊर्जा विभाग और संबंधित निगमों की आधिकारिक वेबसाइट पर किए जाएंगे।
यह भर्ती पिछले अगस्त में शुरू की गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से आवेदन प्रक्रिया रोक दी गई थी। अब इसे फिर से शुरू किया गया है। जिन उम्मीदवारों ने पहले से आवेदन किया था, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
किन-किन पदों पर निकली भर्ती?
इस भर्ती के तहत कुल 2163 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें अलग-अलग निगमों में पदों का बंटवारा इस प्रकार है –
राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम में: 150 पद
जयपुर विद्युत वितरण निगम (JVVNL) में: 603 पद
अजमेर विद्युत वितरण निगम (AVVNL) में: 498 पद
जोधपुर विद्युत वितरण निगम (JDVVNL) में: 912 पद
योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास राजस्थान बोर्ड या CBSE से सेकेंडरी (10वीं पास) होना आवश्यक है।
साथ ही संबंधित ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट या एनएसी सर्टिफिकेट अनिवार्य है।
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए।
अधिकतम आयु सीमा राज्य सरकार के नियमों के अनुसार तय होगी।
आरक्षित वर्ग (SC, ST, OBC, MBC, EWS), सभी श्रेणी की महिलाएं, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और निगमों में कार्यरत कर्मचारियों को आयु में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग (General) के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क – ₹1000
SC, ST, OBC, MBC, EWS और PWD श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क – ₹500
फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया दो चरणों की ऑनलाइन परीक्षा पर आधारित होगी।
प्री-पेपर (100 अंक):
इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
रिजल्ट के आधार पर 10 गुना उम्मीदवारों को मेन्स परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
मेन्स परीक्षा (150 अंक):
इसमें भी नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
मेन्स के बाद 2 गुना उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा।
इसके बाद मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी और अभ्यर्थियों को अंतिम चयन के आधार पर पोस्टिंग दी जाएगी।
आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवार ऊर्जा विभाग या संबंधित निगमों की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन लिंक 10 सितंबर 2025 से 25 सितंबर 2025 शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेगा।
उम्मीदवारों को ऑनलाइन फॉर्म भरने के साथ आवश्यक डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे।
आवेदन सबमिट करने के बाद उम्मीदवार को फाइनल कॉपी का प्रिंट आउट अवश्य निकालना होगा।


