राजस्थान बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (RBSE) के 10वीं कक्षा के परिणाम को लेकर अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बोर्ड की ओर से जल्द ही रिजल्ट की तारीख की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। इधर लाखों छात्र-छात्राएं भी अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार Board of Secondary Education Rajasthan ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए छात्रों को संकेत दिया है कि वे अपना रोल नंबर तैयार रखें।
20 मार्च के आसपास आ सकता है रिजल्ट
बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौर ने भी रिजल्ट को लेकर जानकारी साझा की है। उनके अनुसार 10वीं कक्षा का परिणाम 20 मार्च के आसपास घोषित किया जा सकता है। हालांकि बोर्ड की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि रिजल्ट जल्द जारी किया जा सकता है।
यहां देख सकेंगे अपना रिजल्ट
राजस्थान बोर्ड 10वीं कक्षा का रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से जारी किया जाएगा। छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकेंगे।रिजल्ट देखने के लिए छात्र इन वेबसाइट्स का उपयोग कर सकते हैं:
rajresults.nic.in
rajeduboard.rajasthan.gov.in
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर दर्ज करना होगा।
बोर्ड के इतिहास में पहली बार होगा ऐसा
इस साल राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के इतिहास में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पहली बार ऐसा होने जा रहा है कि 12वीं कक्षा के परिणाम से पहले 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी किया जाएगा। बोर्ड प्रशासन के अनुसार इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया गया है, जिसके कारण परिणाम जल्दी जारी करने की तैयारी की जा रही है।
10 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल
इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की गई। परीक्षा के लिए राज्यभर में 6195 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार इस साल सेकंडरी परीक्षा में कुल 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 175 विषयों के पेपर आयोजित किए गए। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल होने के कारण परिणाम का इंतजार भी काफी बढ़ गया है।
पास होने के लिए जरूरी न्यूनतम अंक
बोर्ड परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में न्यूनतम अंक प्राप्त करना जरूरी होगा। नियम के अनुसार छात्रों को थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों में कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है। यदि कोई छात्र किसी विषय में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त नहीं कर पाता है तो उसे उस विषय में असफल माना जाएगा।
छात्रों को रोल नंबर तैयार रखने की सलाह
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपना रोल नंबर पहले से तैयार रखें ताकि रिजल्ट जारी होते ही आसानी से अपना परिणाम देख सकें। रिजल्ट घोषित होने के बाद वेबसाइट पर एक साथ बड़ी संख्या में छात्र लॉग इन करते हैं, जिसके कारण सर्वर पर दबाव बढ़ सकता है। इसलिए छात्रों को धैर्य बनाए रखते हुए आधिकारिक वेबसाइट से ही अपना परिणाम देखने की सलाह दी गई है।


