शोभना शर्मा। राजस्थान में सड़क और ड्रेनेज सिस्टम की खस्ताहाल स्थिति लंबे समय से जनता के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। खासकर बारिश के दिनों में जयपुर के कई इलाकों में सड़कें टूटने और जलभराव की समस्या आम हो जाती है। इसी मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ शनिवार देर रात अचानक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के निरीक्षण के लिए निकले।
देर रात निरीक्षण का फैसला
मध्यरात्रि 12 बजे राठौड़ बुलेट से रवाना हुए और करीब ढाई घंटे तक लगातार क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कालवाड़ रोड, गोविंदपुरा, हाथोज लिंक रोड, खातीपुरा रोड, रंगोली गार्डन, महाराणा प्रताप रोड, लालरपुरा और धाबास सहित कई इलाकों की सड़कों का जायजा लिया।
मंत्री राठौड़ ने कहा कि दिन में निरीक्षण करने पर आम जनता को जाम और अन्य दिक्कतों का सामना करना पड़ता। इसलिए उन्होंने रात का समय चुना ताकि बिना किसी बाधा के पूरी स्थिति देखी जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि रात में जेडीए और नगर निगम के अधिकारी भी उनके साथ थे, जिससे निरीक्षण सुचारू ढंग से हुआ।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का पिछली सरकार पर गंभीर आरोप
निरीक्षण के दौरान राठौड़ ने सड़क निर्माण में पिछली सरकार की लापरवाही को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा- “पिछली सरकार ने जनता की आंखों में धूल झोंकते हुए सड़क के नाम पर सिर्फ डामर का लेप किया। बारिश होते ही यह डामर बह जाता और सड़कें फिर से टूटी हालत में नजर आतीं।”
उन्होंने कहा कि झोटवाड़ा क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम तक विकसित नहीं किया गया था, जिसके कारण बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है और वे नालों में तब्दील हो जाती हैं। यह न केवल यातायात बाधित करता है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा को भी खतरे में डालता है।
नया ड्रेनेज और सीवरेज सिस्टम
राठौड़ ने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए ठोस योजना तैयार की है। उन्होंने बताया कि झोटवाड़ा के पृथ्वीराज नगर (PRN) में 150 करोड़ रुपए की लागत से नया ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि झोटवाड़ा क्षेत्र में नया सीवरेज सिस्टम भी तैयार हो चुका है। नेवटा और सांझरिया के लिए दो बड़ी सीवरेज लाइन बिछाई गई हैं, जबकि बीच के कुछ पैच का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इससे क्षेत्र के घरों तक सीवरेज सुविधा पहुंच जाएगी।
इंटरलॉकिंग टाइल से नई सड़कें
मंत्री राठौड़ ने कहा कि सरकार अब सिर्फ डामर की बजाय इंटरलॉकिंग टाइल और सीमेंटेड सड़कें बनाने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले एक महीने में कालवाड़ रोड से धाबास तक इंटरलॉकिंग सड़कें तैयार हो जाएंगी। इन सड़कों से बारिश का पानी नीचे जमीन में चला जाएगा और जलभराव की समस्या काफी कम हो जाएगी।
जनता को कम परेशानी, यही लक्ष्य
राठौड़ ने कहा कि निरीक्षण देर रात करने का मकसद केवल यही था कि जनता को परेशानी न हो और जाम की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों में तेजी ला रही है और जल्द ही झोटवाड़ा की सूरत बदल जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल काम करना है, दिखावा नहीं। जनता को आने वाले सालों में स्थायी समाधान मिलेगा। इस बार जो परेशानी झोटवाड़ा की जनता ने झेली है, आने वाले वर्षों में वह समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।”
विपक्ष पर निशाना
निरीक्षण के दौरान राठौड़ ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय केवल फंड सेंक्शन होता था, लेकिन गुणवत्ता के काम नहीं होते थे। हर साल बारिश में सड़कें बह जाती थीं। वहीं मौजूदा सरकार दीर्घकालिक समाधान पर काम कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष केवल जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है। “विपक्ष के नेता कभी टोपी पहनते हैं तो कभी टी-शर्ट, खुद को जासूस बताकर जनता को भ्रमित करते हैं। लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है।”


