latest-newsजयपुरदेशराजस्थान

राजस्थान भर्ती परीक्षा कैलेंडर 2026 जारी: 1 लाख से ज्यादा पदों पर सरकारी नौकरी का मौका

राजस्थान भर्ती परीक्षा कैलेंडर 2026 जारी: 1 लाख से ज्यादा पदों पर सरकारी नौकरी का मौका

राजस्थान सरकार ने राज्य के युवाओं को बड़ी राहत देते हुए भर्ती परीक्षा कैलेंडर 2026 जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवा दिवस के अवसर पर इस कैलेंडर का विमोचन किया। सरकार का दावा है कि वर्ष 2026 में विभिन्न विभागों के माध्यम से एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियां की जाएंगी। भर्ती परीक्षा कैलेंडर में जनवरी से दिसंबर तक आयोजित होने वाली कुल 44 परीक्षाओं का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है, जिससे अभ्यर्थियों को पहले से अपनी तैयारी की स्पष्ट रूपरेखा मिल सके।

सरकार का कहना है कि भर्ती कैलेंडर लागू होने से परीक्षाओं में बार-बार होने वाले बदलाव पर रोक लगेगी और भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व समयबद्ध बनेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित राजस्थान के लक्ष्य में युवा सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

सफाई कर्मचारियों की 24 हजार से ज्यादा भर्तियां

भर्ती परीक्षा कैलेंडर 2026 में सबसे बड़ी भर्तियों में से एक सफाई कर्मचारी भर्ती है। सरकार ने इस भर्ती में 24 हजार 793 पद प्रस्तावित किए हैं, जिनकी परीक्षा अक्टूबर महीने में आयोजित की जा सकती है। यह भर्ती शहरी निकायों के लिए होगी और लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है।

जनवरी से मार्च तक शिक्षा विभाग की परीक्षाएं

कैलेंडर के अनुसार जनवरी माह में प्राध्यापक भर्ती 2025, राजस्थान प्राथमिक विद्यालय अध्यापक लेवल प्रथम और लेवल द्वितीय की विभिन्न विषयों की परीक्षाएं आयोजित होंगी। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामान्य विषय शामिल हैं। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के अन्य पदों की परीक्षाएं भी जनवरी से मार्च के बीच प्रस्तावित की गई हैं।

फरवरी माह में सहायक विद्युत निरीक्षक भर्ती 2025, कनिष्ठ रसायनज्ञ भर्ती 2025 और आयुष मिशन के अंतर्गत विभिन्न पदों की परीक्षाएं होंगी। मार्च में सहायक अभियंता संयुक्त भर्ती 2024 की मुख्य परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव है।

अप्रैल से जून तक बड़ी भर्तियों की कतार

अप्रैल माह में उप निरीक्षक पुलिस भर्ती परीक्षा 2025, कृषि पर्यवेक्षक, पशु चिकित्सक अधिकारी और सहायक कृषि अभियंता भर्ती परीक्षाएं आयोजित होंगी। मई में प्रयोगशाला सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा फार्मा और विज्ञान विषयों के लिए प्रस्तावित है। इसके साथ ही व्याख्याता, व्याख्याता कृषि एवं कोच संयुक्त भर्ती 2025 की परीक्षा मई से जून के बीच होगी। राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा भी मई माह में आयोजित की जाएगी।

जून माह में महिला पर्यवेक्षक, वनपाल और कांस्टेबल भर्ती परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। कांस्टेबल भर्ती में लगभग चार हजार पद शामिल किए गए हैं।

जुलाई से दिसंबर तक चरणबद्ध परीक्षाएं

जुलाई माह में ग्रेड द्वितीय कनिष्ठ सहायक सीधी भर्ती परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें दस हजार से अधिक पद शामिल हैं। जुलाई और अगस्त में वरिष्ठ अध्यापक संयुक्त भर्ती, कनिष्ठ विधि अधिकारी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के विभिन्न पद, वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक और बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक की परीक्षाएं होंगी।

सितंबर में शारीरिक शिक्षा अध्यापक, निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर तथा निरीक्षक कारखाना रसायन भर्ती परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। नवंबर में संरक्षण अधिकारी और कनिष्ठ अभियंता संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा होगी। दिसंबर माह में ग्राम विकास अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग एवं पैरा मेडिकल सहित संविदा तकनीकी एसोसिएट की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading