केंद्रीय बजट की विशेषताओं और इससे राजस्थान को होने वाले लाभों को जनता तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित उनके पूरे मंत्रिमंडल ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में प्रेस ब्रीफिंग की। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने जयपुर में प्रेस वार्ता कर बजट को राजस्थान के लिए लाभकारी बताया।
राजस्थान की जरूरतों को मिला पूरा स्थान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि इस बजट में राजस्थान की संभावनाओं और आवश्यकताओं को पूरा स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि बजट राज्य के औद्योगिक, ऊर्जा और रोजगार से जुड़े क्षेत्रों को नई दिशा देगा।
अक्षय और सौर ऊर्जा को बड़ी सौगात
सीएम ने बताया कि अक्षय ऊर्जा क्षेत्र के लिए करीब 30 प्रतिशत अधिक, यानी लगभग 32 हजार 914 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इसके साथ ही पीएम सूर्यघर योजना के लिए 22 हजार करोड़ रुपये दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान पहले से ही सौर ऊर्जा में अग्रणी है और इन प्रावधानों से राज्य को और मजबूती मिलेगी।
सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर हब बनने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही सेमीकंडक्टर नीति, एआई-एमएल नीति और डेटा सेंटर नीति लागू कर चुकी है। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, एआई मिशन और नेशनल क्वांटम मिशन जैसे प्रावधानों से राजस्थान को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर हब बनने के लिए पूरी तरह तैयार है।
MSME और टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा
सीएम ने कहा कि एसएमई विकास निधि और आत्मनिर्भर भारत टॉपअप योजना छोटे उद्योगों के लिए बड़ी सौगात है। इसके साथ ही मेगा टेक्सटाइल पार्क, टेक्सटाइल लेबर इंसेंटिव स्कीम और 200 औद्योगिक क्लस्टर्स को मजबूत करने की घोषणा राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण है।
आम आदमी का बजट बताया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट को युवा, महिला, किसान, गरीब और आम आदमी का बजट बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 7 प्रतिशत विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है। अंत में उन्होंने राजस्थान की जरूरतों को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।


