शोभना शर्मा । राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा सहायक सांख्यिकी अधिकारी (कृषि विभाग) प्रतियोगी परीक्षा 2024 का आयोजन 25 अगस्त 2024 को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा। यह परीक्षा अजमेर और जयपुर के कुल 51 सेंटरों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 13,290 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। जयपुर में 32 सेंटरों पर 8,848 और अजमेर में 19 सेंटरों पर 4,442 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा के प्रवेश पत्र 22 अगस्त 2024 को RPSC की आधिकारिक वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर जारी किए गए थे। उम्मीदवार अपने आवेदन पत्र क्रमांक और जन्म तिथि का उपयोग करके वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करके भी प्रवेश पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले ही दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए मूल फोटो युक्त पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, या ड्राइविंग लाइसेंस साथ लाना अनिवार्य है। साथ ही, प्रवेश पत्र पर नवीनतम रंगीन फोटो चस्पा करना भी जरूरी है।
अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे किसी भी गलत सूचना या दलालों के बहकावे में न आएं। अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कड़ी सजा का प्रावधान है, जिसमें आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना शामिल है।


