शोभना शर्मा। बीकानेर के प्रसिद्ध गायक राजा हसन ने अपनी प्रतिभा से संगीत जगत में एक और उपलब्धि जोड़ते हुए फिल्मफेयर ओटीटी अवार्ड 2024 अपने नाम किया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में घोषित किया गया। राजा हसन को यह अवार्ड संजय लीला भंसाली की चर्चित वेब सीरीज ‘हीरामंडी – द डायमंड बाजार’ के लिए ‘बेस्ट साउंडट्रैक’ श्रेणी में दिया गया।
‘हीरामंडी’ के लिए मिला सम्मान
वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ के दो गाने—‘सकल बन फूल रही सरसों’ और ‘तिलस्मी बाहें’—की शानदार प्रस्तुति के लिए राजा हसन, संगीतकार शर्मिष्ठा चटर्जी और निर्देशक संजय लीला भंसाली को यह अवार्ड संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। राजा हसन के वेब मैनेजर विजय व्यास ने बताया कि यह उपलब्धि बीकानेर के संगीत प्रेमियों के लिए गर्व की बात है।
राजा हसन का सफर
राजा हसन, जो बीकानेर के पहले ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतिष्ठित सम्मान जीता, का संगीत करियर 2007 के ‘सारेगामापा’ रियलिटी शो से शुरू हुआ। उस शो में बीकानेरवासियों के अपार समर्थन ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया। उनके पिता और संगीतकार रफीक सागर ने इस सफलता को अपने परिवार और बीकानेर के संगीत प्रेमियों के लिए गौरवपूर्ण बताया।
पारिवारिक संगीत परंपरा
राजा हसन का संगीत से गहरा रिश्ता है। उनके नजदीकी रिश्तेदार गुलाम मोहम्मद 1972 में फिल्म ‘पाकीजा’ के संगीत निर्देशन के लिए फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नामांकित हुए थे। संगीत में यह परंपरा राजा हसन ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से आगे बढ़ाई है।
‘बेटल ऑफ बैण्ड्स’ के जज बने राजा हसन
अवार्ड समारोह में राजा हसन व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके क्योंकि वे दूरदर्शन के आगामी रियलिटी शो ‘बेटल ऑफ बैण्ड्स’ की शूटिंग में व्यस्त थे। उन्होंने इस सम्मान को अपने माता-पिता, समाज, और बीकानेरवासियों को समर्पित करते हुए उनके उत्साहवर्धन का धन्यवाद किया।
राजा हसन की भविष्य की योजनाएं
राजा हसन बॉलीवुड और क्षेत्रीय सिनेमा के साथ-साथ विभिन्न भाषाओं की संगीत इंडस्ट्री में भी सक्रिय हैं। यह अवार्ड उनकी मेहनत और संगीत के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल बीकानेर, बल्कि पूरे राजस्थान का नाम रोशन हुआ है।