शोभना शर्मा। राजस्थान सरकार इस वर्ष 10 दिसंबर को एक ऐतिहासिक आयोजन करने जा रही है। राजधानी जयपुर के जेईसीसी (Jaipur Exhibition and Convention Centre) में पहली बार ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025’ मनाया जाएगा। यह आयोजन दुनिया भर में बसे प्रवासी राजस्थानियों (NRRs) को राज्य की विकास यात्रा, निवेश अवसरों, संस्कृति और उद्योग जगत से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस मेगा आयोजन का नेतृत्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे और राज्य सरकार इसे हर वर्ष आयोजित होने वाला वार्षिक वैश्विक उत्सव बनाने की दिशा में काम कर रही है।
राज्यपाल एवं केंद्रीय मंत्री होंगे शामिल
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य उद्बोधन देंगे। मंच पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहेंगे। समारोह की शुरुआत ‘प्रगति पथ’ प्रदर्शनी के साथ होगी, जिसमें वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और आर्थिक प्रगति को विस्तार से प्रदर्शित किया जाएगा।
उद्योग जगत की शीर्ष हस्तियां होंगी मौजूद
राज्य सरकार के अनुसार यह आयोजन केवल सांस्कृतिक जुड़ाव का मंच नहीं होगा, बल्कि राजस्थान की आर्थिक क्षमता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का बड़ा अवसर बनेगा। उद्योग जगत की कई दिग्गज हस्तियां इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगी जिनमें —
वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल
पीरामल ग्रुप के अध्यक्ष अजय पीरामल
टाटा पावर के सीईओ एवं एमडी प्रवीर सिन्हा
मुख्य नाम शामिल हैं। अपेक्षा है कि ये सभी उद्योगपति राजस्थान में निवेश, उद्योग-मित्र वातावरण, और सरकार के हालिया सुधारों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
₹1 लाख करोड़ निवेश प्रस्तावों की ग्राउंडब्रेकिंग रिपोर्ट
इस कार्यक्रम के दौरान ₹1 लाख करोड़ से अधिक निवेश प्रस्तावों (MoUs) की ग्राउंडब्रेकिंग रिपोर्ट जारी होने की संभावना है। राज्य सरकार के अनुसार, इससे Rising Rajasthan Global Investment Summit 2024 के बाद धरातल पर उतर चुकी परियोजनाओं का कुल मूल्य ₹8 लाख करोड़ तक पहुंच सकता है। इसी मंच पर “Commitment in Action” कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन प्रस्तावित है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2024 में हुए ‘राइजिंग राजस्थान’ निवेश शिखर सम्मेलन का उद्घाटन इसी जेईसीसी, जयपुर में किया था, जिसके बाद निवेश के लिए तैयार उद्योग वातावरण को लेकर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सकारात्मक संदेश गया था।
7 प्रमुख क्षेत्रों पर सेक्टोरल सेशंस
दोपहर बाद सात सेक्टोरल सत्र होंगे, जिनमें निम्न प्रमुख उद्योग क्षेत्रों पर गहन चर्चा की जाएगी —
नवीकरणीय ऊर्जा
पर्यटन
शिक्षा
उद्योग एवं उत्पादन क्षेत्र
स्वास्थ्य
जल संसाधन
खनन
कार्यक्रम का आधिकारिक शेड्यूल —
उद्घाटन सत्र: 11:00 – 13:00
लंच: 13:00 – 14:00
समानांतर सत्र: 14:15 – 18:30
सांस्कृतिक संध्या: 19:00
डिनर: 19:45
ओपन हाउस और सम्मान समारोह
दिन भर में ओपन हाउस / राउंडटेबल सत्र का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निवेश के अवसरों, औद्योगिक सहयोग और प्रवासी राजस्थानियों के अनुभवों पर खुली चर्चा होगी। इसके साथ ही राज्य सरकार ‘प्रवासी राजस्थानी सम्मान’ भी प्रदान करेगी, जिसके तहत वैश्विक मंच पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
भव्य सांस्कृतिक संध्या
कार्यक्रम का समापन मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के संबोधन से होगा। इसके बाद शाम को राजस्थान की सांस्कृतिक झलक पेश की जाएगी। घूमर और कालबेलिया जैसे लोकनृत्यों, साथ ही फ्यूजन परफॉर्मेंस के माध्यम से राजस्थान की परंपरा और आधुनिकता का सम्मिश्रण दिखाया जाएगा। रिपोर्टों के अनुसार कार्यक्रम के लिए हजारों प्रतिभागियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है और सरकार इसे वैश्विक जुड़ाव के सबसे बड़े मंच के रूप में स्थापित करने के प्रयास में है।


