latest-newsउदयपुरराजनीतिराजस्थान

राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से ही संभव है प्रगति: वासुदेव देवनानी

राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से ही संभव है प्रगति: वासुदेव देवनानी

शोभना शर्मा।  राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि हर नागरिक को राष्ट्र सर्वोपरि की भावना रखनी चाहिए, क्योंकि यही भावना देश को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाती है। वे शनिवार को उदयपुर के विद्या भवन पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के 59वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।

देवनानी ने अपने उद्बोधन में वर्तमान शिक्षा प्रणाली की दिशा और दृष्टि पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के युग में सिर्फ किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान की अधिक आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ परीक्षा पास करना शिक्षा का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि शिक्षा का मूल उद्देश्य अनुशासन, मर्यादा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण होना चाहिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का युग है, और हमारी शैक्षणिक संस्थानों को इस दिशा में गंभीरता से काम करना चाहिए। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए देवनानी ने कहा, “नौकरी के पीछे मत भागो, बल्कि दूसरों को रोजगार देने की सोच रखो।”

पूर्व विद्यार्थी संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देवनानी ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “हम सिर्फ पूर्व छात्र नहीं, अपूर्व बनें। शिक्षा संस्थान तभी सफल माने जाते हैं जब उनके छात्र समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।” उन्होंने विद्या भवन की स्थापना से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए संस्थापक मोहन सिंह मेहता, बीएल मंत्री और पहले प्राचार्य सीएस अग्रवाल के योगदान को भी याद किया।

देवनानी ने अपने कार्यकाल की यादें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 1991 से 2000 तक इस संस्थान में प्राचार्य के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस संस्थान से उन्हें जीवन में नई दिशा मिली और जो कुछ उन्होंने यहां सीखा, वह आज भी उनके कार्य में उपयोगी सिद्ध हो रहा है।

समारोह में उन्होंने सरस्वती मेकाट्रॉनिक लैब, स्मार्ट क्लासरूम, सीएनसी मशीनिंग सेंटर और लैथ मशीन का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में उन पूर्व छात्रों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने इस संस्थान से पढ़ाई पूरी किए 25 और 50 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं।

देवनानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज भारत की विदेश नीति और सैन्य ताकत ने दुनिया में देश की अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा की  “भारत ने आतंकवादियों के ठिकानों को तबाह कर पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।”

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading