शोभना शर्मा। राजस्थान में पटवारी भर्ती–2025 के चयन कार्यक्रम में अब दस्तावेज़ सत्यापन चरण की शुरुआत होने जा रही है। अजमेर में 8 दिसंबर से डाक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन की प्रक्रिया तय की गई है, जिसके लिए चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होना अनिवार्य है। इसी के साथ आज विस्तृत आवेदन पत्र (Scrutiny Form) भरने की अंतिम तिथि है, जिसे पूरा न करने वाले अभ्यर्थी सत्यापन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएंगे।
विस्तृत आवेदन भरना अनिवार्य, फोटो कॉपी स्वीकार नहीं होगी
दस्तावेज़ सत्यापन से पूर्व अभ्यर्थियों को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से विस्तृत आवेदन पत्र सह परिनिरीक्षा प्रपत्र (Scrutiny Form) दो प्रतियों में अलग-अलग भरकर लाना आवश्यक है।
फॉर्म की फोटो कॉपी मान्य नहीं होगी और ऑफलाइन प्रति की स्थिति में एक प्रति के साथ 100 रुपये का पोस्टल ऑर्डर सचिव, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर के नाम संलग्न करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रति भी सत्यापन के दौरान अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जानी चाहिए।
इन प्रमाण पत्रों की जरूरत होगी
दस्तावेज़ सत्यापन के दौरान निम्न प्रमाण पत्रों के दो स्व–प्रमाणित सेट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने होंगे—
शैक्षणिक एवं योग्यता दस्तावेज़
संपूर्ण अंकतालिकाएं और प्रमाण पत्र
कंप्यूटर योग्यता प्रमाण पत्र
जन्मतिथि के लिए सेकेंडरी मार्कशीट अथवा जन्म प्रमाण पत्र
जाति व निवास संबंधित दस्तावेज़
मूल निवास प्रमाण पत्र
अनुसूचित क्षेत्र होने पर विशेष मूल निवास प्रमाण पत्र
जाति प्रमाण पत्र (EWS/SC/ST/OBC/MBC/सहरिया आदि के लिए सक्षम स्तर से जारी)
वैवाहिक स्थिति से जुड़े दस्तावेज़
विधवा अभ्यर्थियों हेतु पति के मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ विवाह पंजीयन, आधार कार्ड/राशन कार्ड अथवा वोटर आईडी
परित्यक्ता अभ्यर्थियों के लिए सक्षम न्यायालय द्वारा जारी तलाक डिक्री एवं पुनर्विवाह न होने का स्वहस्ताक्षरित घोषणा पत्र
विशेष श्रेणियों के दस्तावेज़
निशक्तजन के लिए 40 प्रतिशत या अधिक की क्षमता दर्शाने वाला दिव्यांग प्रमाण पत्र
उत्कृष्ट खिलाड़ी होने पर भर्ती विज्ञप्ति के अनुसार सक्षम स्तर के प्रमाण पत्र
भूतपूर्व सैनिकों के लिए सेवा निवृत्ति आदेश, डिस्चार्ज प्रमाण पत्र या NOC
चरित्र प्रमाण पत्र और हस्तलिपि प्रपत्र भी अनिवार्य
अभ्यर्थी को अंतिम अध्ययन संस्थान द्वारा जारी मूल चरित्र प्रमाण पत्र की प्रतिलिपि जमा करनी होगी। इसके साथ दो राजपत्रित अधिकारियों द्वारा जारी मूल चरित्र प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध हस्तलिपि प्रपत्र दो प्रतियों में भरकर लाना अनिवार्य है, जिसके बिना जांच प्रक्रिया पूर्ण नहीं मानी जाएगी।
वर्तनी त्रुटि मिलने पर शपथ पत्र आवश्यक
यदि किसी दस्तावेज़ में नाम में वर्तनी या अंतर पाया जाता है, तो अभ्यर्थी को इसके लिए अलग से शपथ पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी दस्तावेज़ों की पहले से गहन जांच कर लें।
दो पासपोर्ट फोटो और पहचान पत्र अनिवार्य
अभ्यर्थियों को सत्यापन के दिन सुनिश्चित रूप से लेकर आना होगा—
एक वैध फोटो पहचान पत्र (आधार/वोटर आईडी/ड्राइविंग लाइसेंस)
दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो


