शोभना शर्मा। स्मार्टफोन और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी सेगमेंट में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी वनप्लस कंपनी 17 दिसंबर को भारतीय बाजार में अपने दो नए प्रोडक्ट लॉन्च करने जा रही है। कंपनी अपनी 12वीं एनिवर्सरी के मौके पर फ्लैगशिप स्मार्टफोन OnePlus 15R और मिड-रेंज टैबलेट OnePlus Pad Go 2 पेश करेगी। इन दोनों डिवाइसेज का लॉन्च इवेंट बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा, जो शाम 7:00 बजे शुरू होगा।
वनप्लस के लिए यह लॉन्च खास माना जा रहा है क्योंकि कंपनी पहली बार इस प्राइस सेगमेंट में लेटेस्ट और पावरफुल प्रोसेसर के साथ स्मार्टफोन उतारने जा रही है, वहीं टैबलेट सेगमेंट में भी नए फीचर्स जोड़कर यूजर्स को आकर्षित करने की कोशिश की गई है।
OnePlus 15R: प्रीमियम सेगमेंट में नया फ्लैगशिप
वनप्लस 15R को कंपनी एक फ्लैगशिप स्मार्टफोन के तौर पर लॉन्च करेगी। यह फोन खासतौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जो पावरफुल परफॉर्मेंस, बड़ी बैटरी और हाई-एंड डिस्प्ले की तलाश में रहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी कीमत भारतीय बाजार में 40,000 से 50,000 रुपए के बीच हो सकती है।
परफॉर्मेंस में मिलेगा लेटेस्ट स्नैपड्रैगन 8 जेन-5 प्रोसेसर
OnePlus 15R की सबसे बड़ी खासियत इसका प्रोसेसर है। फोन में स्नैपड्रैगन 8 जेन-5 चिपसेट दिया गया है, जो 3 नैनोमीटर प्रोसेस पर आधारित ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है। यह प्रोसेसर 3.8GHz तक की क्लॉक स्पीड पर काम कर सकता है, जिससे यूजर्स को तेज और लैग-फ्री परफॉर्मेंस मिलेगी। ग्राफिक्स के लिए फोन में एड्रेनो 830 GPU दिया गया है, जो हाई-एंड गेमिंग और ग्राफिक इंटेंसिव टास्क को स्मूद तरीके से हैंडल करेगा। इस प्राइस रेंज में स्नैपड्रैगन 8 जेन-5 प्रोसेसर के साथ आने वाला यह भारत का पहला स्मार्टफोन माना जा रहा है।
नया सॉफ्टवेयर और एडवांस कनेक्टिविटी फीचर्स
OnePlus 15R एंड्रॉइड 16 पर आधारित ColorOS 16 के साथ लॉन्च होगा। फोन में LPDDR5X रैम और UFS 4.1 स्टोरेज दी गई है, जिससे मल्टीटास्किंग और डेटा ट्रांसफर स्पीड बेहतर होगी। कनेक्टिविटी के लिए फोन में NFC, WiFi 7 और ब्लूटूथ 5.4 जैसे लेटेस्ट फीचर्स मिलेंगे, जो इसे भविष्य के लिए तैयार बनाते हैं।
7400mAh बैटरी और 80W सुपर VOOC चार्जिंग
वनप्लस ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि OnePlus 15R में 7400mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी। यह अब तक किसी भी वनप्लस स्मार्टफोन में मिलने वाली सबसे बड़ी बैटरी होगी। फोन को चार्ज करने के लिए 80W सुपर VOOC फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी मिलेगी। कंपनी के अनुसार, बैटरी सिलिकॉन नैनोस्टैक टेक्नोलॉजी पर आधारित है, जिससे चार साल बाद भी इसकी बैटरी हेल्थ 80% से कम नहीं होगी।
कैमरा सेगमेंट में मिलेगा Sony सेंसर
फोटोग्राफी के लिए OnePlus 15R के रियर पैनल पर डुअल कैमरा सेटअप मिलेगा। इसमें ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन के साथ 50 मेगापिक्सल का Sony IMX906 मेन कैमरा और 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जाएगा। इसके साथ डिटेलमैक्स इंजन, अल्ट्रा क्लीयर मोड, क्लीयर बर्स्ट और क्लियर नाइट इंजन जैसे एडवांस फीचर्स भी मिलेंगे।
165Hz AMOLED डिस्प्ले के साथ प्रीमियम अनुभव
OnePlus 15R में 6.83 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी जाएगी, जिसका रेजोल्यूशन 2800×1272 पिक्सल है। यह डिस्प्ले 165Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगी और 1800 निट्स की पीक ब्राइटनेस ऑफर करेगी। फोन की स्क्रीन TUV राइनलैंड इंटेलिजेंट आई केयर 5.0 सर्टिफाइड है, जिससे आंखों पर कम असर पड़ेगा। इसके साथ इन-डिस्प्ले अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट सेंसर भी मिलेगा।
OnePlus Pad Go 2: मिड-रेंज टैबलेट सेगमेंट में नया विकल्प
वनप्लस Pad Go 2 को मिड-रेंज टैबलेट के रूप में लॉन्च किया जाएगा। इसकी कीमत 20,000 रुपए के आसपास हो सकती है। यह टैबलेट स्टूडेंट्स, प्रोफेशनल्स और कंटेंट कंजम्पशन यूजर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7300 अल्ट्रा प्रोसेसर
OnePlus Pad Go 2 में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7300 अल्ट्रा चिपसेट दिया गया है। यह प्रोसेसर डेली यूज और मिड-लेवल गेमिंग के लिए अच्छा परफॉर्मेंस देता है। कंपनी का दावा है कि टैबलेट को 4 साल की फ्लुएंसी सर्टिफिकेशन मिली है, यानी लंबे समय तक स्मूद परफॉर्मेंस मिलेगी।
10,050mAh बैटरी और रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट
टैबलेट में 10,050mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 33W सुपर VOOC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार, फुल चार्ज पर इसमें 15 घंटे तक वीडियो प्लेबैक, 53 घंटे म्यूजिक और 60 दिन तक स्टैंडबाय टाइम मिलेगा। इसके अलावा, टैबलेट में रिवर्स केबल चार्जिंग की सुविधा भी होगी, जिससे अन्य डिवाइसेज चार्ज किए जा सकेंगे।
12.1 इंच डिस्प्ले और मल्टीटास्किंग फीचर्स
OnePlus Pad Go 2 में 12.1 इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है, जिसकी पीक ब्राइटनेस 900 निट्स है। डिस्प्ले को TUV राइनलैंड इंटेलिजेंस आई केयर 4.0 सर्टिफिकेशन मिला है। स्क्रीन को खास तौर पर ओपन कैनवास मल्टीटास्किंग सॉफ्टवेयर के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है, जिससे स्प्लिट स्क्रीन और मल्टी-विंडो यूज आसान होगा। टैबलेट डॉल्बी विजन सपोर्ट के साथ आएगा।
OnePlus Pad Go 2 Stylus भी होगा लॉन्च
कंपनी पहली बार OnePlus Pad Go 2 के लिए खास स्टाइलस भी लॉन्च करेगी। यह स्टाइलस केवल 10 मिनट चार्ज करने पर आधे दिन तक लिखने और ड्रॉइंग के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
भारतीय बाजार में वनप्लस की रणनीति
OnePlus 15R और OnePlus Pad Go 2 के लॉन्च के साथ कंपनी भारतीय बाजार में प्रीमियम और मिड-रेंज दोनों सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। दमदार स्पेसिफिकेशंस और प्रतिस्पर्धी कीमत के चलते ये दोनों डिवाइसेज लॉन्च के बाद बाजार में अच्छी चुनौती पेश कर सकते हैं।


