राजस्थान में आयुर्वेद विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने संकेत दिए हैं कि विभाग में जल्द ही नई भर्तियां निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि नर्स, कंपाउंडर (जूनियर ग्रेड) और चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा।
झुंझुनूं दौरे में दिए संकेत
झुंझुनू दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने बताया कि राज्य सरकार आयुर्वेद सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में लगभग 2000 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों पर दवाइयों, लैपटॉप और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। सरकार का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को मजबूत आधार देना और ग्रामीण क्षेत्रों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करना है।
आरोग्य मंदिरों में योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति
डॉ. बैरवा ने बताया कि प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है। इससे लोगों को नियमित योग अभ्यास का लाभ मिल रहा है और आयुर्वेद एवं योग आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिल रही है। सरकार का लक्ष्य है कि आयुर्वेद और योग को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए, ताकि लोग प्राकृतिक और पारंपरिक उपचार पद्धतियों का लाभ उठा सकें।
1700 पदों पर पहले ही हो चुकी है भर्ती
उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अब तक आयुर्वेद विभाग में लगभग 1700 पदों पर भर्तियां पूरी की जा चुकी हैं। इसके बाद अब नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि बजट घोषणाओं के अलावा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं आने वाले समय में की जा सकती हैं।
युवाओं में जगी नई उम्मीद
आयुर्वेद विभाग में संभावित नई भर्तियों की खबर से बेरोजगार युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। लंबे समय से रिक्त पदों को भरने की मांग की जा रही थी। यदि सरकार जल्द ही आधिकारिक भर्ती अधिसूचना जारी करती है, तो यह न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करेगा बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर भी प्रदान करेगा। अब सभी की नजर आगामी सरकारी घोषणाओं और भर्ती प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत पर टिकी है।


