latest-newsजयपुरदेशराजस्थान

जयपुर में बनेगा आधुनिक एआई हब और डेटा सेंटर: अश्विनी वैष्णव

जयपुर में बनेगा आधुनिक एआई हब और डेटा सेंटर: अश्विनी वैष्णव

मनीषा शर्मा। केंद्रीय रेल एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को जयपुर में आयोजित आत्मनिर्भर भारत अभियान के एक कार्यक्रम में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जयपुर में जल्द ही एक आधुनिक एआई हब और डेटा सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार से बातचीत कर जमीन तय की जाएगी। इस कदम से राजस्थान में डिजिटल इकोनॉमी को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

मंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि Google ने हाल ही में भारत में एआई हब स्थापित करने की योजना का एलान किया है। इसके बाद से ही राजस्थान में भी गूगल के निवेश और सहयोग की संभावना पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वैष्णव ने संकेत दिए कि गूगल के साथ मिलकर जयपुर में भी एआई टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को आगे बढ़ाने का रास्ता तैयार हो सकता है।

5 हजार युवाओं को मिलेगी इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में ट्रेनिंग

अश्विनी वैष्णव ने जयपुर के अंबाबाड़ी स्थित आदर्श विद्या मंदिर में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहा कि लघु उद्योग भारती के सहयोग से इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेंटर खोला जाएगा। इसमें 5 हजार युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि वे भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप रोजगार के अवसर पा सकें। उन्होंने कहा कि भारत अब तकनीक का आयातक नहीं बल्कि उत्पादक बन रहा है, और जयपुर इसमें अग्रणी भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में विधि मंत्री जोगाराम पटेल, सहकारिता मंत्री गौतम दक, सांसद मंजू शर्मा, महापौर कुसुम यादव और भाजपा शहर अध्यक्ष अमित गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।

‘जापान के रेल मंत्री हुए वंदे भारत के कायल’

अपने संबोधन के दौरान वैष्णव ने गर्व के साथ बताया कि हाल ही में भारत आए जापान के रेल मंत्री को उन्होंने सूरत से मुंबई तक वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कराई। उन्होंने बताया कि जापानी मंत्री ट्रेन की टच लाइट्स और स्थिरता देखकर बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि “यह आत्मनिर्भर भारत की ताकत है। आज भारत दुनिया को दिखा रहा है कि हमारी तकनीक किसी से कम नहीं है।”

आत्मनिर्भर भारत अभियान में हुआ बड़ा ऐलान

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के तहत हर क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य है। जहां 10 साल पहले भारत मोबाइल फोन आयात करता था, आज ‘मेड इन इंडिया’ मोबाइल दुनियाभर में बिक रहे हैं। सेमीकंडक्टर से लेकर वंदे भारत ट्रेनों तक—देश अपनी तकनीकी क्षमता का प्रमाण दे चुका है।

उन्होंने आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। यह सम्मेलन विधायक गोपाल शर्मा के संयोजन में हुआ, जिसमें सांसद मंजू शर्मा, पैरालंपियन देवेंद्र झांझड़िया सहित कई भाजपा नेता, व्यापारी और नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर पद्म पुरस्कारों से सम्मानित व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।

गरीब परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ा गया

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जयपुर शहर इकाई ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत 54 गरीब परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की। इस मौके पर मंत्री वैष्णव ने विधवा महिलाओं, गरीब परिवारों और निराश्रित लोगों को रोजगार के लिए जरूरी सामग्री वितरित की।

इसमें कबाड़ी के काम के लिए ट्रॉली रिक्शा, वजन तोलने की मशीन, वैल्डिंग मशीन, लोहारी का सामान, सौंदर्य निखार उत्पाद, मूंगफली-गजक के ठेले और किराने का सामान शामिल थे। इनमें अधिकतर लाभार्थी महिलाएं थीं। मंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं समाज के निचले तबके को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि यह पहल प्रदेश में नजीर बनेगी। घुमंतू जाति उत्थान न्यास ने इन जरूरतमंद परिवारों का चयन किया था। भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल ने बताया कि यह अभियान आगे और बड़े स्तर पर चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक परिवारों को रोजगार से जोड़ा जा सके।

एआई हब से बढ़ेगा रोजगार और निवेश

एआई हब और डेटा सेंटर की स्थापना से जयपुर में आईटी सेक्टर में बड़ा निवेश आने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे न केवल तकनीकी उद्योग को बढ़ावा मिलेगा बल्कि युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। गूगल की संभावित भागीदारी से राजस्थान डिजिटल इनोवेशन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो सकता है।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading