शोभना शर्मा। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने राजस्थान के भरतपुर से विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने यह नियुक्ति करते हुए विश्वास जताया है कि डॉ. गर्ग अपने अनुभव और समर्पण से पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करेंगे। यह निर्णय जैसे ही सार्वजनिक हुआ, पार्टी कार्यकर्ताओं और डॉ. गर्ग के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
डॉ. सुभाष गर्ग ने इस नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के भरोसे पर खरे उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आम जनता से सीधा संवाद बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। डॉ. गर्ग ने यह भी कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को उत्तर भारत में एक सशक्त विकल्प के रूप में स्थापित करने का कार्य करेंगे।
इस नियुक्ति के बाद आरएलडी कार्यकर्ताओं और खासकर राजस्थान इकाई में एक नया उत्साह देखा जा रहा है। डॉ. गर्ग की कार्यशैली और जनता के बीच उनकी छवि को देखते हुए यह माना जा रहा है कि वे पार्टी को नए ऊंचाइयों पर ले जाने में सफल रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले आरएलडी ने पूर्व विधायक जोगेंद्र अवाना को राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। अब डॉ. सुभाष गर्ग को राष्ट्रीय महासचिव बनाकर पार्टी ने राजस्थान में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है।