शोभना शर्मा। भरतपुर जिले के वैर से बीजेपी विधायक बहादुर सिंह कोली ने SC/ST एक्ट की धारा-3 को लेकर गंभीर बयान दिया है। उन्होंने इसे झूठे केसों और गुंडागर्दी का अड्डा बताते हुए इस पर सख्त कदम उठाने की मांग की है। विधायक कोली ने कहा कि इस धारा का दुरुपयोग हो रहा है और इसके तहत सबसे ज्यादा झूठे मामले दर्ज होते हैं। राजीनामा के नाम पर लाखों रुपए ऐंठे जाते हैं, जिससे निर्दोष लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
SC/ST एक्ट धारा-3 का दुरुपयोग
विधायक बहादुर सिंह कोली ने बुधवार को भरतपुर के खेड़ली मोड़ चौकी को थाने में क्रमोन्नत करने के कार्यक्रम के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने SC/ST एक्ट की धारा-3 को लेकर अपनी चिंता जाहिर की और कहा कि इस एक्ट के तहत सबसे ज्यादा झूठे केस दर्ज होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीनामा करने के नाम पर लाखों रुपए वसूले जाते हैं और निर्दोष लोगों को फंसाया जाता है।
कोली ने कहा, “कोई व्यक्ति किसी की मदद करता है, चाहे वह शादी के लिए हो या किसी अन्य जरूरी काम के लिए, और जब वह अपने पैसे वापस मांगता है, तो उसके खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज करवा दिया जाता है। ऐसे मामलों में देनदार को अपने पैसे भी छोड़ने पड़ते हैं, और कई बार समझौते के लिए लाखों रुपए की मांग की जाती है।”
थ्री एक्ट की गुंडागर्दी खत्म होनी चाहिए
विधायक कोली ने कहा कि SC/ST एक्ट की धारा-3 में गुंडागर्दी हो रही है और इसे रोकने की जरूरत है। उन्होंने मंच पर उपस्थित अधिकारियों से अपील की कि इस एक्ट के दुरुपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए। कोली ने कहा, “कोई भी कानून बदमाशी या गुंडागर्दी के लिए नहीं है, लेकिन थ्री एक्ट में सबसे ज्यादा बदमाशी देखने को मिलती है। यह गुंडागर्दी अब खत्म होनी चाहिए।”
एसपी मृदुल कच्छावा की तारीफ
विधायक बहादुर सिंह कोली ने कार्यक्रम के दौरान भरतपुर एसपी मृदुल कच्छावा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि एसपी ने जिले में हो रहे अपराधों पर रोक लगाई है, जिससे अपराधियों की गतिविधियां काफी कम हो गई हैं। कोली ने कहा कि पहले जयपुर की ओर से आने वाले बदमाश खेड़ली मोड़ या सलेमपुर की तरफ भाग जाते थे, लेकिन अब थाना बनने से बदमाशों की हरकतों पर रोक लगेगी।
उन्होंने कहा, “एसपी मृदुल कच्छावा ने जिले में अपराधों को नियंत्रित करने में बेहतरीन काम किया है। अब खेड़ली मोड़ चौकी को थाना बनाए जाने के बाद अपराधियों पर और कड़ा शिकंजा कसा जाएगा।”


