मनीषा शर्मा। राजस्थान में स्थित जयपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के चलते यात्रियों को आने वाले महीनों में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन ने एयर कॉनकोर्स (फेस-2) तकनीकी कार्य के लिए ब्लॉक की घोषणा की है। इस ब्लॉक के कारण नवंबर और दिसंबर 2025 में कई ट्रेनों का संचालन या तो प्रभावित रहेगा या फिर उनका रूट बदला जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने जानकारी दी कि इस अवधि में कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ेगा, जबकि कुछ को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच अवश्य कर लें।
जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहेगी
भारतीय रेल के अनुसार, ट्रेन संख्या 14813/14814 जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर को जोधपुर से और 24 नवंबर को भोपाल से पूरी तरह रद्द रहेगी। यात्रियों को इन तिथियों पर वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
रानीखेत एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित
भारतीय रेल ने रानीखेत एक्सप्रेस (15013/15014) के संचालन मार्ग में भी अस्थायी बदलाव किया है।
ट्रेन 15013 जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस
प्रस्थान तिथि: 9 से 12, 14, 22 से 24, 26 से 28, 30 नवंबर से 2 दिसंबर और 6 से 9 दिसंबर तक (कुल 18 ट्रिप)
परिवर्तित मार्ग: फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी
ठहराव: रींगस, नीमकाथाना और नारनौल
ट्रेन 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस
प्रस्थान तिथि: 8 से 11, 13, 21 से 23, 25 से 27, 29 नवंबर से 1 दिसंबर और 5 से 8 दिसंबर तक (कुल 18 ट्रिप)
परिवर्तित मार्ग: रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा
ठहराव: नारनौल, नीमकाथाना और रींगस
इस बदलाव के दौरान ट्रेन अपने मूल मार्ग से नहीं गुजरेगी। यात्रियों को इन स्टेशनों पर पहुंचने या वहां से आगे की यात्रा की व्यवस्था पहले से करनी होगी।
विशाखापट्टणम एक्सप्रेस का मार्ग भी बदला
ट्रेन संख्या 18573 विशाखापट्टणम-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस 27 नवंबर को एक ट्रिप के लिए परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी।
परिवर्तित मार्ग: सोगरिया – चंदेरिया – अजमेर – मारवाड़ जंक्शन
ठहराव: भीलवाड़ा, विजयनगर, अजमेर और मारवाड़ जंक्शन
यह ट्रेन सामान्य मार्ग से जयपुर होकर नहीं चलेगी। यात्रियों को इसके अनुसार अपनी यात्रा योजना में बदलाव करना होगा।
रेगुलेट रहेंगी ये ट्रेनें
कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द या डायवर्ट नहीं किया गया है, लेकिन उन्हें कुछ स्टेशनों पर रेगुलेट किया जाएगा यानी इन स्टेशनों पर ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलेंगी।
ट्रेन 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर शालीमार एक्सप्रेस
प्रस्थान तिथि: 22 नवंबर
रेगुलेशन: रेवाड़ी और जयपुर स्टेशनों के बीच 40 मिनट तक
ट्रेन 12465 इंदौर-भगत की कोठी रणथंबोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
प्रस्थान तिथि: 9, 14, 22, 24 नवंबर और 6, 9 दिसंबर (कुल 6 ट्रिप)
रेगुलेशन समय: 20 मिनट
इस दौरान यात्रियों को थोड़ी अतिरिक्त प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है।
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे 9 नवंबर से 12 दिसंबर 2025 की ब्लॉक अवधि में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांचें। यात्री अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस IRCTC वेबसाइट, मोबाइल ऐप या रेलवे पूछताछ नंबरों के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। ट्रेनों के समय और रूट में अस्थायी बदलावों को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं। जिन यात्रियों की ट्रेनें रद्द की गई हैं, वे वैकल्पिक ट्रेनों की बुकिंग समय रहते कर लें।
क्यों लिया गया ब्लॉक?
भारतीय रेल के अधिकारियों के अनुसार, जयपुर स्टेशन पर एयर कॉनकोर्स फेस-2 पुनर्विकास कार्य के लिए ब्लॉक लेना अनिवार्य था। इस परियोजना के पूरा होने के बाद स्टेशन की यात्री सुविधाएं बेहतर होंगी और भीड़ प्रबंधन में सुधार होगा। एयर कॉनकोर्स निर्माण कार्य से स्टेशन पर अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं, बेहतर कनेक्टिविटी और प्लेटफॉर्मों तक तेज पहुंच उपलब्ध होगी। इसके अलावा, यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, एस्केलेटर, लिफ्ट और डिजिटल सूचना प्रणाली को भी अपग्रेड किया जाएगा।
यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
यात्रा की तारीख से एक दिन पहले ट्रेन की स्थिति अवश्य जांचें। जिन यात्रियों की ट्रेन रद्द या डायवर्ट की गई है, वे अपने टिकट का रिफंड या पुनर्निर्धारण करा सकते हैं भीड़ से बचने के लिए प्लेटफॉर्म पर समय से पहले पहुंचें ।रेलवे ऐप्स और वेबसाइट पर अपडेट्स पर नज़र रखें।
जयपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहा एयर कॉनकोर्स पुनर्विकास कार्य भविष्य में यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं देगा, लेकिन फिलहाल नवंबर और दिसंबर 2025 में इससे ट्रेन संचालन पर प्रभाव पड़ेगा। रानीखेत एक्सप्रेस और विशाखापट्टणम एक्सप्रेस जैसी कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से बदला गया है, जबकि कुछ ट्रेनें रेगुलेट रहेंगी।


