शोभना शर्मा। मिस वर्ल्ड 2025 के मंच पर कोटा, राजस्थान की रहने वाली नंदिनी गुप्ता भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और उन्होंने पहले ही दिन अपने अद्भुत प्रदर्शन से देशवासियों का दिल जीत लिया। 72वें मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेज़बानी इस बार भारत कर रहा है, और इसका आगाज़ 10 मई को हैदराबाद में हुआ।
नंदिनी गुप्ता ने कॉस्ट्यूम राउंड में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए एक भव्य परिधान में मंच पर प्रवेश किया। उनके द्वारा पहना गया परिधान भारतीय स्वर्णिम संस्कृति की कहानी कहता प्रतीत हुआ। जब वे हाथ में भारतीय ध्वज लेकर मंच पर आईं, तो पूरे सभागार की नज़रें उन पर टिक गईं। उनके लुक में हर तत्व बारीकी से भारतीयता को दर्शाता था—रंग, डिजाइन और प्रस्तुतिकरण, सभी में देश की गरिमा झलक रही थी।
नंदिनी ने सोशल मीडिया पर जताया गर्व
मंच पर प्रस्तुति के बाद नंदिनी ने इस ऐतिहासिक क्षण की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं और लिखा, “आज रात, मुझे सच में समझ में आया कि भारत की बेटी होना क्या होता है। इस रात को कभी नहीं भूलूंगी। मिस वर्ल्ड का आभार।” इस पोस्ट ने देखते ही देखते सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल कर ली।
शिक्षा और सफलता की कहानी
नंदिनी गुप्ता राजस्थान के कोटा जिले के कैथून कस्बे के भांडाहेड़ा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कोटा के सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद वे उच्च शिक्षा के लिए मुंबई गईं, जहां उन्होंने लाला लाजपत राय कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। नंदिनी ने बिजनेस मैनेजमेंट में भी शिक्षा ली है और एक सफल मॉडल के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
प्रतियोगिता में दे रही हैं 110 देशों की सुंदरियों को टक्कर
मिस वर्ल्ड 2025 में नंदिनी कुल 110 देशों की प्रतिभागियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उनका आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और भारतीय मूल्यों की प्रस्तुति उन्हें एक मजबूत दावेदार बनाती है। भारतवासियों को नंदिनी से बड़ी उम्मीदें हैं कि वे इस बार ताज देश में लेकर आएंगी।
फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2023 की विजेता
नंदिनी गुप्ता पहले ही फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2023 का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। तब से ही वह सुर्खियों में बनी हुई हैं और अब विश्व मंच पर भी उन्होंने अपने कदम मजबूती से रख दिए हैं।