शोभना शर्मा। ईद-उल-फ़ितर (Eid-ul-Fitr) मुसलमानों का एक प्रमुख और पवित्र त्योहार है, जो रमज़ान के पूरे महीने के रोज़े रखने के बाद मनाया जाता है। यह इस्लामी हिजरी कैलेंडर (Hijri Calendar) के अनुसार दसवें महीने शव्वाल की पहली तारीख को मनाया जाता है। यह दिन चांद के नज़र आने पर आधारित होता है, इसलिए विभिन्न देशों में यह अलग-अलग दिनों पर मनाया जा सकता है।
भारत में ईद 2025 की तारीख
भारत में इस वर्ष ईद 30 मार्च (रविवार) या 31 मार्च (सोमवार) को मनाई जा सकती है। यह तारीख चांद के नज़र आने पर निर्भर करती है। केंद्र सरकार के छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार, ईद की छुट्टी सोमवार, 31 मार्च 2025 को घोषित की गई है। लेकिन, आम लोग ईद को उसी दिन मनाते हैं जिस दिन चांद देखा जाता है।
अरब देशों में ईद 2025
सऊदी अरब, यूएई और मध्य पूर्व के अन्य देशों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग रहते हैं। सऊदी अरब में रमज़ान की शुरुआत 1 मार्च 2025 को हुई थी। इस हिसाब से वहां ईद-उल-फ़ितर 30 मार्च या 31 मार्च 2025 को मनाई जा सकती है। यूएई में सरकार ने पहले ही ईद की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। वहां की सरकार के अनुसार, अगर रमज़ान का पवित्र महीना 30 मार्च को समाप्त होता है, तो छुट्टियां 2 अप्रैल तक बढ़ा दी जाएंगी। यूएई में चांद की निगरानी करने वाली समिति 29 मार्च से चांद देखने का कार्य शुरू करेगी। अगर उसी दिन शाम को चांद दिखाई दे जाता है, तो ईद की छुट्टियां 30, 31 मार्च और 1 अप्रैल 2025 को होंगी।
चांद देखने का महत्व
ईद की तारीख पूरी तरह से चांद के नज़र आने पर निर्भर करती है। चांद दिखने के अगले दिन ईद मनाई जाती है। इसलिए, अलग-अलग देशों में यह त्योहार विभिन्न तारीखों पर मनाया जाता है।