शोभना शर्मा। राजस्थान के जालोर जिले की बेटी कोमल वैष्णव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराते हुए मिस यूनिवर्स ग्रैंड ग्लोबल एंबेसडर अवॉर्ड 2025 अपने नाम किया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली कोमल पहली भारतीय बनी हैं, जिन्होंने इस प्रतियोगिता में 14 देशों की 22 प्रतिभागियों को हराकर यह प्रतिष्ठित खिताब जीता।
इस अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 15 जून 2025 के बीच मलेशिया के कोटा किना बालु में हुआ था। इसमें 15 देशों की 23 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कोमल ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और प्रस्तुति क्षमता के बल पर सभी को पीछे छोड़ते हुए यह अवॉर्ड हासिल किया।
मलेशिया से मुंबई, फिर जालोर तक हुआ स्वागत
अवार्ड जीतने के बाद 16 जून को कोमल भारत लौटीं, जहां मुंबई एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ। मुंबई में रहने वाले रिश्तेदारों, दोस्तों और प्रशंसकों ने फूल मालाओं से कोमल का अभिनंदन किया। इसके बाद 21 जून को कोमल अपने पैतृक जिले जालोर पहुंचीं, जहां आहोर विधायक छगन सिंह ने उनका स्वागत किया। कोमल के गांव गुड़ा राम में भी खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने कोमल को बधाई दी और बेटी के इस गौरवमयी क्षण पर गर्व व्यक्त किया।
गांव से मुंबई तक का सफर
कोमल वैष्णव जालोर जिले की भाद्राजून तहसील के गुड़ा राम गांव की रहने वाली हैं। वर्तमान में वे मुंबई में निवास कर रही हैं और भवन्स हजारीमल कॉलेज से कॉमर्स विषय में सेकेंड ईयर की छात्रा हैं। एक साधारण ग्रामीण परिवेश से आने वाली कोमल ने बड़े सपनों को सच कर दिखाया है।
फिल्म इंडस्ट्री में बनाना चाहती हैं करियर
कोमल ने बताया कि उन्होंने इस प्रतियोगिता की तैयारी लगभग एक महीने तक लगातार की। 10 जून को वे मलेशिया रवाना हुईं और वहां प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में भाग लिया। कोमल ने बताया कि इस मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना गर्व और जिम्मेदारी दोनों का अनुभव रहा। अब कोमल अपनी अगली योजना के तहत फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वे मुंबई में अभिनय से जुड़ा एक विशेष कोर्स कर रही हैं और इसके साथ-साथ एक म्यूजिक वीडियो भी तैयार किया है, जो जुलाई में रिलीज किया जाएगा।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
कोमल के पिता अमृतलाल वैष्णव मुंबई के मुंबादेवी मार्केट में सोने के व्यापार से जुड़े हुए हैं। कोमल का बड़ा भाई पिता के काम में सहयोग करता है, जबकि छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। उनकी मां गृहिणी हैं और कोमल की सफलता पर अत्यंत गौरव महसूस करती हैं। गांव गुड़ा राम में कोमल के दादा लक्ष्मण वैष्णव, दादी जोगी देवी, बड़े पिता राधे श्याम और अन्य रिश्तेदार रहते हैं। पूरे गांव में बेटी की इस उपलब्धि को लेकर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
प्रतियोगिता में शामिल देश
इस प्रतियोगिता में कोमल के साथ जिन देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, उनमें इंडोनेशिया, फिलीपींस, मलेशिया, ब्रुनेई, बोत्सवाना, नेपाल, आइसलैंड और भारत जैसे देश शामिल थे। इतनी विविध संस्कृति और परंपराओं के बीच कोमल का यह खिताब जीतना उनके आत्मविश्वास और मेहनत का प्रमाण है।