मनीषा शर्मा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया। राठौड़ ने न सिर्फ जयपुर भाजपा शहर कार्यकारिणी की सूची को लेकर उपजे विवाद पर खुलकर बयान दिया, बल्कि राहुल गांधी पर भी विदेशी नागरिकों को वोट देने का अधिकार दिलाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया।
राहुल गांधी पर सीधा हमला – “इटली के व्यक्ति को भारत में वोट क्यों?”
मदन राठौड़ ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “राहुल जी क्यों किसी इटली के व्यक्ति को भारत में वोट देने का अधिकार दिलाना चाहते हैं?” उन्होंने यह बयान बिहार में चल रहे कथित वोटर लिस्ट विवाद के संदर्भ में दिया, जहां यह आरोप लगाया जा रहा है कि कुछ गैर-भारतीयों को वोटर लिस्ट में शामिल किया जा रहा है। राठौड़ ने रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में लाकर सत्ता हथियाने के प्रयासों को भी अनुचित बताया। उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति भारत का नागरिक नहीं है, वह इस देश की सत्ता में भागीदार नहीं हो सकता। यह गलत परंपरा है। इस देश पर शासन करने का अधिकार केवल इसके नागरिकों को होना चाहिए।”
जयपुर भाजपा कार्यकारिणी विवाद पर सफाई
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने जयपुर शहर कार्यकारिणी की सूची सोशल मीडिया पर लीक होने को गंभीर चूक बताया। राठौड़ ने कहा कि वे इस मामले की पूरी समीक्षा करेंगे और जल्द ही जयपुर शहर अध्यक्ष से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्होंने बताया कि जब यह सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई, वे राज्यसभा के मानसून सत्र में व्यस्त थे और शुक्रवार रात ही जयपुर लौटे हैं। राठौड़ ने कहा, “ऐसा पहले कभी नहीं हुआ, न ही होना चाहिए था। सिफारिशों की बात सार्वजनिक नहीं होनी चाहिए। यह जांच का विषय है कि सूची में किसकी सिफारिश हुई और किसकी नहीं। हम इस तरह की घटना भविष्य में नहीं होने देंगे।”
“बेचारा तो मैं हूं” – मीडिया सवाल पर चुटकी
जब मीडिया ने पूछा कि शहर अध्यक्ष अमित गोयल खुद को बेचारा साबित करने की कोशिश कर रहे हैं, तो राठौड़ ने हँसते हुए कहा, “बेचारा तो मैं हूं।”
मानेसर प्रकरण और गहलोत-पायलट विवाद
राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा बार-बार मानेसर प्रकरण को उठाने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि गहलोत बार-बार उस घटना को उठाकर यह दर्शाते हैं कि वह घटना अब भी उनके मन में है। इसके साथ ही उन्होंने सचिन पायलट को भी सलाह दी कि “नाकारा” और “निकम्मा” जैसे शब्दों को भूल जाना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए। “गहलोत साहब कह रहे हैं कि मानेसर को भूल जाना चाहिए, लेकिन वो खुद ही उसे याद दिलाते हैं। सचिन पायलट को भी अब वो शब्द भूल जाने चाहिए, जो उनके खिलाफ कहे गए थे,” राठौड़ ने कहा।
कांग्रेस पर भगवा आतंकवाद के नाम पर साजिश का आरोप
मालेगांव ब्लास्ट मामले में संघ प्रमुख मोहन भागवत का नाम घसीटने के प्रयासों पर भी राठौड़ ने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भगवा आतंकवाद जैसे शब्दों के जरिए निर्दोष लोगों को जेल में डाला और आरएसएस प्रमुख को बदनाम करने की साजिश रची। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और तिरंगा अभियान की घोषणा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राठौड़ ने आगामी पार्टी अभियानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाएगी। इसके तहत विभाजन के दर्द और विस्थापन की त्रासदी को याद किया जाएगा। इसके अलावा, 15 अगस्त को “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत प्रत्येक घर तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने की योजना है। साथ ही, 10 अगस्त से 14 अगस्त तक प्रदेशभर में मंडल और जिला स्तर पर तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी।