शोभना शर्मा। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने सितंबर 2024 में सप्त ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए विशेष टूरिस्ट ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस ट्रेन को “सप्त ज्योतिर्लिंग दर्शन ट्रेन” नाम दिया गया है, जो 10 सितंबर को श्रीगंगानगर से रवाना होगी। यात्रा के दौरान ट्रेन हनुमानगढ़, सादुलपुर, चूरू, सीकर, रिंगस, जयपुर और अजमेर से होकर गुजरेगी।
यात्रा की अवधि 11 दिनों की होगी, जिसमें यात्री नागेश्वर, सोमनाथ, त्रयम्बकेश्वर, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर, महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा, यात्री भेंट द्वारका और द्वारिकाधीश मंदिर का भी भ्रमण करेंगे।
ट्रेन में 10 कोच होंगे, सभी थर्ड एसी इकोनॉमी क्लास के, जिसमें 700 यात्री यात्रा कर सकेंगे। यात्रा को स्टैंडर्ड और कंफर्ट कैटेगरी में विभाजित किया गया है, जिसमें स्टैंडर्ड पैकेज की कीमत 30,155 रुपए और कंफर्ट पैकेज की कीमत 37,115 रुपए है। इसमें होटल, भोजन, ट्रांसपोर्ट और मंदिर दर्शन की सुविधाएं शामिल हैं। सरकारी कर्मचारियों के लिए एलटीसी सुविधा भी उपलब्ध है।
यात्रा के दौरान आईआरसीटीसी की टीम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखेगी। अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए IRCTC की वेबसाइट या जयपुर स्थित कार्यालय पर संपर्क किया जा सकता है।


