मनीषा शर्मा। जयपुर एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों से फ्लाइट संचालन से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भी Indigo एयरलाइंस की जयपुर से बेंगलुरु जाने वाली नियमित सुबह की फ्लाइट लगातार तीसरे दिन आखिरी वक्त पर रद्द कर दी गई। इस वजह से बड़ी संख्या में यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6503, जो रोजाना सुबह 7:40 बजे जयपुर से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरती है, गुरुवार को भी अचानक रद्द कर दी गई। एयरलाइन ने इसके पीछे संचालन कारण (Operational Reason) बताते हुए फ्लाइट का संचालन रोक दिया, लेकिन यात्रियों को इस बारे में पहले से पर्याप्त सूचना नहीं मिल पाई। कई यात्रियों ने हताश होकर बताया कि एयरलाइन की ओर से इतनी देर से सूचना दी गई कि वे एयरपोर्ट पहुंच चुके थे, जिसके बाद उन्हें वहां ही घंटों इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों के शेड्यूल पर बड़ा असर, हुआ नुकसान
फ्लाइट रद्द होने से प्रभावित यात्रियों में नाराजगी साफ देखने को मिली। कई यात्रियों ने कहा कि उन्होंने बेंगलुरु में अपनी मीटिंग्स, ऑफिस शेड्यूल, बिजनेस अपॉइंटमेंट और कनेक्टिंग फ्लाइट्स पहले से तय कर रखी थीं, लेकिन इंडिगो की ओर से आखिरी पल पर रद्द करने की सूचना मिलने से उनके पूरे दिन का प्लान बिगड़ गया। एक यात्री ने बताया कि सुबह की फ्लाइट पर भरोसा करके पूरे दिन के महत्वपूर्ण अपॉइंटमेंट फिक्स किए थे। लेकिन अचानक रद्दीकरण से उनका पूरा कामकाज प्रभावित हो गया है। एयरलाइन की ओर से आगे की फ्लाइट का विकल्प तो दिया गया है, मगर सुबह की फ्लाइट रद्द होने से उनका पूरा दिन ही खराब हो गया। कई यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन ऑपरेशन कारण बताकर जिम्मेदारी से बच जाती है, जबकि वास्तविक नुकसान यात्रियों को होता है।
समय पर सूचना देना जरूरी, यात्रियों की मांग
यात्रियों ने कहा कि एयरलाइंस को फ्लाइट रद्द होने या देरी होने की जानकारी निर्धारित समय से काफी पहले देनी चाहिए। इससे वे अपने शेड्यूल को एडजस्ट कर सकते हैं और अनावश्यक रूप से एयरपोर्ट पर परेशान नहीं होना पड़ेगा। जयपुर एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों से फ्लाइट रद्द होने और देरी की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। कई यात्रियों ने बताया कि एयरलाइंस द्वारा समय पर सूचना न देने के कारण यात्रियों को बार-बार समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
तीन दिनों में कई फ्लाइट्स रद्द, संचालन व्यवस्था पर सवाल
बता दें कि गुरुवार से पहले भी मंगलवार और बुधवार को इंडिगो की 4 फ्लाइट्स आखिरी वक्त पर रद्द हो चुकी हैं, जबकि एक दर्जन से ज्यादा फ्लाइट्स निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकीं। इनमें जयपुर से दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई और बेंगलुरु जाने वाली कई फ्लाइट्स शामिल हैं। यात्रियों का कहना है कि यह समस्या लगातार बढ़ रही है और एयरलाइन एवं एयरपोर्ट प्रशासन को इसकी गंभीरता को देखते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए।
इंडिगो ने यात्रियों को अन्य फ्लाइट में शिफ्ट किया
फ्लाइट रद्द होने के बाद इंडिगो एयरलाइन ने यात्रियों को आगे की फ्लाइट्स में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। यात्रियों को दोपहर या शाम की बेंगलुरु फ्लाइट में एडजस्ट किया जा रहा है। हालांकि यात्रियों का कहना है कि इतना देर से विकल्प देना भी पर्याप्त नहीं है, क्योंकि सुबह की फ्लाइट पर आधारित उनके सभी कामकाज बिगड़ चुके हैं।
रद्द और देरी से यात्रियों में बढ़ी नाराजगी
निरंतर कैंसिलेशन और लेट ऑपरेशन के कारण यात्रियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर शिकायतें दर्ज करवाई हैं और एयरलाइन से सेवा सुधारने की मांग की है। विशेषज्ञों के अनुसार, जयपुर एयरपोर्ट पर बढ़ते एयर ट्रैफिक, संचालन में तकनीकी बाधाओं और एयरलाइन के आंतरिक प्रबंधन जैसी वजहें देरी और रद्दीकरण का कारण हो सकती हैं। लेकिन यात्रियों का कहना है कि चाहे वजह कोई भी हो, समय पर सही जानकारी देना एयरलाइन की जिम्मेदारी है।


