latest-newsजयपुरदेशराजस्थान

IndiGo की उड़ान सेवाएं पटरी पर लौटीं: जयपुर एयरपोर्ट से 7 फ्लाइट्स ने भरी उड़ान

IndiGo की उड़ान सेवाएं पटरी पर लौटीं: जयपुर एयरपोर्ट से 7 फ्लाइट्स ने भरी उड़ान

शोभना शर्मा। इंडिगो (IndiGo ) एयरलाइंस के लिए सोमवार, 8 दिसंबर राहत भरी खबर लेकर आया। बीते कई दिनों से चल रही देरी और रद्दीकरण की स्थिति के बीच आज एयरलाइन की सेवाएं लगभग सामान्य दिखीं। जयपुर एयरपोर्ट से कुल सात उड़ानों ने समय पर उड़ान भरी और अब तक किसी भी फ्लाइट को रद्द नहीं किया गया है। पिछले सप्ताह से इंडिगो स्टाफ की कमी सूर्खियों में थी, जिसके कारण देशभर के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।

जयपुर से किन रूटों के लिए उड़ानें हुईं रवाना

सोमवार को जयपुर एयरपोर्ट से जो फ्लाइट्स समय पर रवाना हुईं, उनमें सुबह 5:35 बजे बेंगलुरु के लिए 6E-839, 5:45 बजे गोवा के लिए 6E-6977, 5:50 बजे चंडीगढ़ के लिए 6E-7742, 6:10 बजे हैदराबाद के लिए 6E-752, 6:25 बजे इंदौर के लिए 6E-7744, 6:40 बजे गुवाहाटी के लिए 6E-748 और उदयपुर के लिए 6E-7465 शामिल हैं। इन सभी उड़ानों के समय पर संचालन ने यात्रियों में भरोसा लौटाया है कि स्थिति सामान्य होने की तरफ बढ़ रही है।

स्टाफ की कमी ने बिगाड़ा था संचालन, दो दिनों में 64 फ्लाइट्स रद्द

हालांकि सोमवार की स्थिर स्थिति राहत दे रही है, लेकिन बीते दो दिनों में जयपुर एयरपोर्ट पर हालात बेहद चिंताजनक थे। शनिवार को 13 और उससे पहले शुक्रवार को 49 उड़ानें रद्द की गई थीं, जिससे कुल 64 उड़ानें प्रभावित हुईं। यात्रियों ने एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार, टिकट री-शेड्यूलिंग और होटल बुकिंग जैसे कई स्तरों पर परेशानी झेली। इसी तरह की स्थिति दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी देखने को मिली।

कंपनी ने सुधार की बात कही, यात्रियों से अपडेट चेक करने की अपील

इंडिगो की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि संचालन को स्थिर करने के लिए प्रबंधन ने आवश्यक कदम उठा लिए हैं और स्टाफ की तैनाती बढ़ाई जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटीज़ के अनुसार जयपुर में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क सक्रिय है। हालांकि यात्रा से पहले यात्रियों को एयरलाइन की एडवाइजरी चेक करने की सलाह दी गई है ताकि अंतिम समय में किसी बदलाव से असुविधा न हो।

ऑपरेशंस के पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद

एयरलाइन प्रबंधन का दावा है कि अगले कुछ दिनों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों का संचालन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा। यदि मौजूदा सुधार इसी तरह जारी रहता है, तो जल्द ही इंडिगो की उड़ानों में पिछले दिनों जैसी बाधाएं नहीं देखने को मिलेंगी।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading