मनीषा शर्मा । राजस्थान में इस साल मानसून के दौरान रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में उमस से राहत नहीं मिली। मानसून के कारण सामान्य से 61 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 14 सितंबर तक राजस्थान में औसत 416 मिमी बारिश होती है, जबकि इस वर्ष अब तक 668.5 मिमी बारिश हो चुकी है।
हालांकि, पिछले 24 घंटे में राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर जैसे प्रमुख शहरों में धूप निकलने से दिन में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया। सबसे ज्यादा तापमान गंगानगर जिले में दर्ज किया गया, जहां पारा 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी तरह अन्य जिलों में भी तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
जयपुर में शनिवार को हल्के बादल छाए रहे और धूप भी निकली, जिससे उमस और गर्मी बनी रही। लोगों को दिनभर उमस का सामना करना पड़ा, जिससे कई इलाकों में परेशानी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 16 सितंबर तक राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, और बारिश का दौर धीमा रहेगा। इस दौरान प्रदेशभर में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। विभाग ने इस अवधि के लिए किसी भी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है।
हालांकि, 17 सितंबर से एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में फिर से बारिश होने से प्रदेश के कुछ हिस्सों में राहत मिलने की उम्मीद है।


