शोभना शर्मा। आधार कार्ड आज के समय में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसका उपयोग कई सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं के लिए किया जाता है। सिर्फ वयस्क ही नहीं, बल्कि बच्चों के लिए भी आधार कार्ड जरूरी होता जा रहा है। UIDAI ने साल 2018 में बच्चों के लिए आधार कार्ड (बाल आधार) की सुविधा शुरू की थी। यह खासतौर पर 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए होता है और इसे ब्लू आधार या नीला आधार कहा जाता है। आइए जानते हैं कि यह कैसे बनवाया जा सकता है और 5 साल के बाद इसे अपडेट कराने की प्रक्रिया क्या है।
कैसे बनवाएं बाल आधार?
बाल आधार कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अब पहले से अधिक आसान कर दी गई है। इसे बनाने के लिए माता-पिता को अपने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate) या डिस्चार्ज स्लिप के साथ अपने आधार कार्ड की कॉपी जमा करनी होगी। अब इसे घर बैठे भी ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर बनवाया जा सकता है। नीचे दिए गए स्टेप्स से आप अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवा सकते हैं:
- UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट uidai.gov.in पर जाएं।
- ‘माई आधार’ टैब पर क्लिक करें और ‘बुक एन अपॉइंटमेंट’ विकल्प चुनें।
- ‘UIDAI द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्र पर अपॉइंटमेंट बुक करें’ विकल्प चुनें।
- अपने शहर का चयन करें और ‘अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए आगे बढ़ें’ पर क्लिक करें।
- अपना मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करें। फिर ‘Get OTP’ पर क्लिक करें।
- अपने मोबाइल नंबर पर भेजे गए ओटीपी को दर्ज करें।
- अपॉइंटमेंट की तारीख चुनें और आधार सेवा केंद्र पर जाएं।
आधार केंद्र पर माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र या डिस्चार्ज स्लिप जमा करनी होगी। बच्चे की पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य आवश्यक जानकारी भरने के बाद बाल आधार कार्ड के लिए आवेदन पूरा किया जा सकता है।
रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर आपको एक SMS प्राप्त होगा, और कुछ दिनों के बाद बाल आधार कार्ड आपके पते पर डाक से भेज दिया जाएगा। अगर आप चाहें तो इसे UIDAI की वेबसाइट से भी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।
5 साल की उम्र के बाद कैसे अपडेट कराएं बाल आधार?
बाल आधार को बनवाने के बाद, जब बच्चा 5 साल का हो जाता है, तो उसमें बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी हो जाता है। 5 साल से पहले आधार कार्ड में बायोमेट्रिक विवरण (फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन) की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन 5 साल के बाद यह अनिवार्य है। बिना अपडेट के यह आधार कार्ड मान्य नहीं होता। इस प्रक्रिया को फॉलो करें:
- UIDAI की वेबसाइट पर जाएं और अपॉइंटमेंट बुक करें।
- अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाएं।
- बच्चे के बायोमेट्रिक डेटा (फोटो, फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन) को आधार कार्ड में अपडेट करवाएं।
यह प्रक्रिया निःशुल्क है और आधार नंबर में कोई बदलाव नहीं होता। सिर्फ बायोमेट्रिक जानकारी को अपडेट किया जाता है।
क्यों जरूरी है बाल आधार?
बाल आधार न केवल बच्चे की पहचान स्थापित करता है, बल्कि कई सरकारी योजनाओं और सेवाओं में भी इसका उपयोग किया जाता है। साथ ही, स्कूल एडमिशन, हेल्थ स्कीम्स और अन्य सरकारी प्रक्रियाओं में भी इसकी आवश्यकता होती है। 5 साल की उम्र के बाद बायोमेट्रिक अपडेट के साथ, यह और भी जरूरी हो जाता है कि बाल आधार को समय पर अपडेट कराया जाए।