शोभना शर्मा। देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम को हुए बड़े धमाके ने पूरे देश को हिला दिया है। इस धमाके में कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और अब तक 8 लोगों की मौत तथा 24 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ था। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास का इलाका धुएं और मलबे से भर गया।
घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस, एनएसजी और एनआईए की टीमें जांच में जुट गईं हैं, वहीं इस घटना के बाद राजस्थान समेत कई राज्यों में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
राजस्थान में बढ़ाई गई सुरक्षा, डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश
दिल्ली में हुए धमाके के बाद राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने सभी जिला एसपी और रेंज आईजी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों और मॉल्स में सुरक्षा बढ़ाएं।
डीजीपी ने यह भी कहा कि किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध वाहन की तुरंत जांच की जाए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त बढ़ाने और सुरक्षा बलों की तैनाती को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर अतिरिक्त सतर्कता
राजस्थान में मंगलवार को अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है, ऐसे में धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां और अधिक चौकन्नी हो गई हैं। चुनाव के मद्देनज़र डीजीपी ने यह स्पष्ट किया है कि सभी मतदान केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भी दिल्ली धमाके की सूचना भेज दी गई है ताकि उपचुनाव के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां सुनिश्चित की जा सकें।
जनता से की गई अपील, अफवाहों से रहें दूर
राजस्थान पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अगर किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इसके साथ ही, पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी भी झूठी खबर या भ्रामक सूचना को फैलने से रोका जा सके। रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सघन निगरानी के भी आदेश जारी किए गए हैं।


