शोभना शर्मा। राजस्थान में गर्मी ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। अप्रैल माह के बीच में ही प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे गर्मी का असर अब सीधे तौर पर जनजीवन पर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए राज्य के 5 जिलों में हीट वेव का अलर्ट घोषित किया है।
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी दर्ज की गई। चूरू और गंगानगर जैसे जिलों में पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं चित्तौड़गढ़ में तापमान 45.2 डिग्री, कोटा और वनस्थली में 45.1 डिग्री, पिलानी में 44.9 डिग्री और बाड़मेर में 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर भी गर्मी की चपेट में रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के 26 जिलों में शुक्रवार को लू जैसे हालात रहे, जबकि मौसम विभाग ने शनिवार के लिए गंगानगर, बीकानेर, कोटा, झालावाड़ और बारां जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में धूप के साथ गर्म हवाएं भी लोगों को परेशान कर रही हैं।
मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार आगामी 48 घंटों में जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। हालांकि राहत की बात यह है कि 19 अप्रैल से तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना जताई गई है। राज्य में 20 अप्रैल से लू के प्रकोप में कमी आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। लेकिन तब तक गर्मी से बचाव के लिए सतर्कता बरतना जरूरी है।