शोभना शर्मा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी, केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। डोटासरा ने कहा कि देश में पर्चियों से मुख्यमंत्री बनाने का एक नया घोटाला चल रहा है, जो भविष्य में सबसे बड़ा घोटाला साबित होगा। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वे सक्षम व्यक्ति को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे, उन्हें एक पपेट चाहिए जो उनके इशारे पर काम कर सके।
नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सामने धरना-प्रदर्शन किया। इस धरने में डोटासरा ने सीएम भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली से निर्देश लेने वाले कठपुतली मुख्यमंत्री चाहिए। डोटासरा ने शिक्षा मंत्री रहते अपने और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर लगाए गए आरोपों का भी खंडन किया और कहा कि अगर बेईमानी की है तो उन्हें पकड़कर दिखाएं।
डोटासरा ने बीजेपी नेताओं पर भी निशाना साधा कि वे नीट पेपर लीक पर चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बच्चा-बच्चा पूछ रहा है कि सरकार कौन चला रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के मंत्री-विधायक दिल्ली के फोन पर काम करते हैं और उनके पास कोई स्वतंत्रता नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के मामलों को ढकने की कोशिश कर रही है और छह महीनों में कुछ खास काम नहीं किया है। डोटासरा ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच नूरा कुश्ती चल रही है और इसे मेंटेन नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बीजेपी नेताओं पर आरोप लगाया कि वे भ्रष्टाचार के कागज देने के लिए फोन कर रहे हैं और अगर काम नहीं होता तो कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।