मनीषा शर्मा । देशभर के सर्राफा बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को जयपुर सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया। स्टैंडर्ड 24 कैरेट सोने की कीमत 100 रुपए की तेजी के साथ 97,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वहीं, चांदी भी 98,300 रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है। यह पहली बार है जब दोनों धातुओं की कीमतें इस स्तर तक पहुंची हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी उथल-पुथल और घरेलू मांग में बढ़ोतरी के चलते सोने की कीमतें दिन-ब-दिन नए शिखर छू रही हैं। जयपुर सर्राफा कमेटी की ओर से शुक्रवार को जारी रेट लिस्ट के मुताबिक 22 कैरेट सोने की कीमत 91,200 रुपए प्रति 10 ग्राम, 18 कैरेट सोने की कीमत 79,200 रुपए और 14 कैरेट सोने की कीमत 64,500 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।
क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत?
विशेषज्ञों के मुताबिक इस तेजी के तीन मुख्य कारण हैं। सबसे बड़ा कारण अमेरिका और चीन के बीच बढ़ता ट्रेड वॉर है। अमेरिकी टैरिफ पॉलिसी के कारण वैश्विक व्यापार पर दबाव बढ़ गया है, जिससे मंदी की आशंका गहरा गई है। ऐसी परिस्थितियों में निवेशक सोने को सुरक्षित विकल्प मानते हुए इसमें निवेश बढ़ा रहे हैं।
दूसरा कारण डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए का कमजोर होना है। इस साल रुपए में लगभग 4% की गिरावट दर्ज की गई है। चूंकि भारत सोने का सबसे बड़ा आयातक देश है, ऐसे में रुपया कमजोर होने पर इंपोर्ट महंगा हो जाता है। इसका सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ता है और दाम तेजी से ऊपर चढ़ते हैं।
तीसरा बड़ा कारण देश में शादियों का सीजन आना है। देशभर के ज्वेलर्स का कहना है कि ऊंची कीमतों के बावजूद सोने की मांग में तेजी बनी हुई है। मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और जयपुर जैसे शहरों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। भारतीय परंपरा में सोना निवेश के साथ-साथ समृद्धि और शुभ अवसर का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि कीमतें बढ़ने के बावजूद लोग इसकी खरीदारी कर रहे हैं।
कितना और बढ़ सकता है सोना?
सर्राफा व्यापारी और जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने की कीमतें और ऊंचाई छू सकती हैं। जयपुर के सर्राफा व्यापारी नरोत्तम लाल ने बताया कि अमेरिकी-चीन तनाव और वैश्विक मंदी की आशंका के कारण इस साल सोने का इंटरनेशनल रेट 3,700 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है।
अगर इंटरनेशनल रेट इस स्तर तक पहुंचता है, तो भारत में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 1.10 लाख रुपए तक पहुंच सकता है। विदेशी इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैक्स ने भी अपने अनुमान में इस बात की पुष्टि की है। ऐसे में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर अभी जारी रहेगा।
चांदी की कीमत भी रिकॉर्ड स्तर पर
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी रिकॉर्ड तेजी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को जयपुर में रिफाइन चांदी का भाव 98,300 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया। निवेशक इसे भी सुरक्षित निवेश के तौर पर देख रहे हैं, जिससे मांग बढ़ी है।