मनीषा शर्मा, अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित RAS-2024 भर्ती प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। आयोग ने RAS-2024 के इंटरव्यू के चौथे चरण की तिथियां घोषित कर दी हैं। यह चरण 19 जनवरी से शुरू होकर 29 जनवरी तक चलेगा। इससे पहले इंटरव्यू के तीन चरण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं।
1096 पदों के लिए हो रही है भर्ती
RAS-2024 भर्ती के तहत कुल 1096 पदों पर नियुक्ति की जानी है। इनमें राज्य सेवा के 428 पद और अधीनस्थ सेवा के 668 पद शामिल हैं। शुरुआत में यह भर्ती 733 पदों के लिए निकाली गई थी, लेकिन बाद में 17 फरवरी 2025 को पदों की संख्या बढ़ाकर 1096 कर दी गई थी, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को अवसर मिला।
2461 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित
मेंस परीक्षा के बाद कुल 2461 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया है। इन सभी उम्मीदवारों का इंटरव्यू चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जा रहा है। इंटरव्यू का पहला चरण 1 दिसंबर से 12 दिसंबर तक चला था। दूसरा चरण 15 दिसंबर से 24 दिसंबर तक आयोजित किया गया। अब चौथे चरण के साथ यह प्रक्रिया लगभग पूरी होने जा रही है।
इंटरव्यू में शामिल होने के लिए जरूरी दस्तावेज
इंटरव्यू में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र की दो प्रतियां साथ लानी होंगी। इसके अलावा सभी मूल शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज तथा उनकी स्वप्रमाणित फोटोकॉपी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को एक नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और एक वैध मूल फोटो पहचान पत्र भी अपने साथ लाना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर अभ्यर्थी को इंटरव्यू से वंचित किया जा सकता है।
भर्ती प्रक्रिया की अब तक की पूरी टाइमलाइन
RPSC ने RAS-2024 भर्ती का विज्ञापन 2 सितंबर 2024 को जारी किया था। इसके लिए 18 अक्टूबर 2024 तक आवेदन आमंत्रित किए गए, जिसमें करीब 6 लाख 75 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया। इसके बाद 2 फरवरी 2025 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 3 लाख 75 हजार 657 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। प्री-एग्जाम का परिणाम 20 फरवरी 2025 को घोषित किया गया, जिसमें 21 हजार 539 उम्मीदवारों को मेंस परीक्षा के लिए योग्य माना गया।
मेंस परीक्षा और परिणाम
RAS-2024 की मेंस परीक्षा 17 और 18 जून 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 8 अक्टूबर 2025 को मेंस परीक्षा का परिणाम जारी किया गया, जिसमें 2461 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया।
अंतिम चयन की ओर बढ़ती प्रक्रिया
अब इंटरव्यू के चौथे चरण के साथ RAS-2024 भर्ती प्रक्रिया अपने अंतिम पड़ाव में है। इंटरव्यू के बाद आयोग द्वारा अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी, जिसके आधार पर राज्य सेवा और अधीनस्थ सेवा के पदों पर नियुक्तियां होंगी। लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत और लंबे इंतजार के बाद यह भर्ती प्रक्रिया राजस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था को नए अधिकारी देने जा रही है।


