मनीषा शर्मा। राजस्थान में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे नवाचार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदल रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुँचाई जाएं और निवारक स्वास्थ्य को बढ़ावा दिया जाए। ग्रामीण, शहरी, रेगिस्तानी और आदिवासी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक और योजनाओं को लागू किया जा रहा है। विशेष रूप से महिलाओं की सेहत और गंभीर बीमारियों की रोकथाम पर खास फोकस किया गया है।
निरामय राजस्थान अभियान: स्वास्थ्य संवर्धन की सबसे बड़ी पहल
अप्रैल 2025 से शुरू हुआ निरामय राजस्थान अभियान प्रदेश का सबसे महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य कार्यक्रम माना जा रहा है। इसका मकसद केवल इलाज ही नहीं बल्कि लोगों को निवारक स्वास्थ्य और जागरूकता से जोड़ना है। इस अभियान में हर माह एक अलग थीम पर काम हो रहा है।
स्वच्छता, संतुलित आहार, श्री अन्न (मिलेट्स), योग और व्यायाम जैसी स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
मिशन मधुहारी: डायबिटीज रोगियों के लिए राहत
टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रहे रोगियों के लिए मिशन मधुहारी वरदान साबित हो रहा है। इस योजना के अंतर्गत रोगियों को इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और ग्लूको स्ट्रिप नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इससे रोगियों को समय पर इलाज मिल पा रहा है और बीमारी पर बेहतर नियंत्रण संभव हो रहा है।
मिशन लीवर स्माइल: युवाओं के स्वास्थ्य पर जोर
राजस्थान में युवाओं में फैटी लीवर डिजीज तेजी से बढ़ रही है। इसे रोकने और लोगों को जागरूक करने के लिए मिशन लीवर स्माइल चलाया जा रहा है।
प्रदेश के 61 जिला अस्पतालों में स्थापित विशेष क्लिनिकों में अब तक 32 हजार से अधिक स्क्रीनिंग की जा चुकी हैं। इससे समय पर रोग की पहचान और इलाज संभव हो रहा है।
स्तनपान प्रबंधन इकाइयां: मातृ-शिशु स्वास्थ्य के लिए पहल
मातृ और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने 29 स्तनपान प्रबंधन इकाइयां शुरू की हैं। इन इकाइयों के माध्यम से माताओं को सही स्तनपान पद्धति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और नवजात शिशुओं को पर्याप्त पोषण सुनिश्चित किया जा रहा है।
हीमोडायलिसिस वार्ड: ग्रामीण क्षेत्रों तक सुविधा
किडनी रोगियों के लिए जिला अस्पतालों में हीमोडायलिसिस वार्ड स्थापित किए गए हैं। पहले ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही जीवन रक्षक सुविधा उपलब्ध है। इससे हजारों रोगियों को राहत मिली है।
मुख्यमंत्री आयुष्मान आदर्श ग्राम पंचायत योजना
इस योजना के माध्यम से चयनित ग्राम पंचायतों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य आदर्श ग्राम पंचायतों का विकास करना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचा मजबूत करना है।
स्वस्थ नारी चेतना अभियान: महिलाओं की सेहत पर विशेष फोकस
महिलाओं के स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए राज्य सरकार ने स्वस्थ नारी चेतना अभियान शुरू किया है। इस योजना के तहत एचआईवी संक्रमित महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की जांच की जा रही है।
अब तक 12 हजार 300 से अधिक महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। यह पहल महिलाओं को गंभीर बीमारियों से बचाने और समय रहते इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


