मनीषा शर्मा। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का संकट लगातार चौथे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह एयर इंडिया और स्पाइसजेट की कई फ्लाइट्स को अंतिम समय पर रद्द कर दिया गया, जबकि कुछ उड़ानें भारी देरी से संचालित हुईं। इससे सैकड़ों यात्रियों को मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर पर जयपुर–दिल्ली जैसे व्यस्त रूट पर लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन से एयरलाइंस की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
एयर इंडिया की दो फ्लाइट्स आखिरी वक्त पर रद्द
रविवार सुबह दिल्ली से जयपुर आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1767, जो सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर लैंड करने वाली थी, उसे अंतिम समय पर रद्द कर दिया गया। इसी तरह जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI-1834 को भी लास्ट मूवमेंट पर कैंसिल कर दिया गया। एयर इंडिया से जुड़े सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से जयपुर आने वाली फ्लाइट को ऑपरेशनल कारणों से उड़ान की अनुमति नहीं मिल पाई, जबकि जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को एयरक्राफ्ट की कमी के चलते रद्द करना पड़ा।
यात्रियों का कहना है कि उन्हें फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना बहुत देर से दी गई, जिससे वे न तो वैकल्पिक यात्रा की सही व्यवस्था कर पाए और न ही समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके।
चौथे दिन भी जयपुर–दिल्ली रूट पर उड़ानें रद्द
गौरतलब है कि यह लगातार चौथा दिन है जब एयर इंडिया ने जयपुर–दिल्ली और दिल्ली–जयपुर दोनों रूट की फ्लाइट्स को रद्द किया है। यह रूट बिजनेस ट्रैवलर्स और कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों के लिए बेहद अहम माना जाता है। रोजाना इसी रूट पर उड़ान भरने वाले यात्रियों को लगातार हो रही कैंसिलेशन के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई पैसेंजर्स की इंटरनेशनल फ्लाइट्स भी प्रभावित हुई हैं, जिससे उनका पूरा ट्रैवल प्लान बिगड़ गया।
स्पाइसजेट की जयपुर–मुंबई फ्लाइट भी कैंसिल
एयर इंडिया के अलावा स्पाइसजेट एयरलाइंस ने भी जयपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट SG-251 को अंतिम समय पर रद्द कर दिया। देर रात फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलने से बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर ही फंसे रह गए। कई यात्रियों ने एयरलाइन स्टाफ से वैकल्पिक फ्लाइट या होटल व्यवस्था की मांग की, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इसको लेकर यात्रियों में काफी नाराजगी देखने को मिली।
दुबई से आने-जाने वाली फ्लाइट्स में भारी देरी
सिर्फ घरेलू ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी इसका असर साफ नजर आया। दुबई से सुबह 3 बजकर 40 मिनट पर जयपुर के लिए रवाना होने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-58 अब करीब 8 घंटे की देरी से सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर दुबई से उड़ान भरेगी और शाम 4 बजकर 40 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी।
इसी तरह जयपुर से सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-57 भी करीब 8 घंटे की देरी से शाम 5 बजकर 40 मिनट पर रवाना होगी। अल सुबह एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को घंटों तक टर्मिनल पर इंतजार करना पड़ा। बच्चों, बुजुर्गों और विदेशी यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
पैसेंजर्स की नाराजगी, व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार हो रही फ्लाइट कैंसिलेशन और देरी से जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइंस की ओर से समय पर स्पष्ट सूचना नहीं दी जाती और न ही ठहरने, खाने या वैकल्पिक उड़ानों की समुचित व्यवस्था की जाती है। कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि रिफंड और रीबुकिंग की प्रक्रिया भी बेहद धीमी है।
जयपुर–दिल्ली जैसे प्रमुख और व्यस्त रूट पर लगातार चौथे दिन फ्लाइट्स रद्द होना एयरलाइंस की ऑपरेशनल प्लानिंग पर सवाल खड़े करता है। यात्रियों का कहना है कि अगर समय रहते हालात नहीं सुधरे तो उन्हें दूसरी एयरलाइंस या वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।


