मनीषा शर्मा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राजस्थान की भाजपा सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर बड़े स्तर पर सवाल खड़े किए हैं। भरतपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में यह साफ नहीं है कि सरकार कौन चला रहा है। सब एक-दूसरे का पत्ता काटने में लगे हुए हैं। उन्हें आशंका है कि ब्यूरोक्रेसी ही मिलकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पत्ता न काट दे। डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि लगता है जैसे पत्ते कट रहे हैं, कहीं उन पत्तों में भरतपुर वालों का नंबर न आ जाए।
बेढम पर हमला: अपराधी खुलेआम घूम रहे, मंत्री ट्रांसफर भी नहीं करा सकते
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम को निशाने पर लेते हुए डोटासरा बोले कि राजस्थान में अपराध बेलगाम है। पुलिस असुरक्षित है और अपराधी खुलेआम फिरौती व धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री बेढम की स्थिति ऐसी है कि वे एक सिपाही का भी ट्रांसफर नहीं करवा सकते। उन्होंने दावा किया कि यदि सीकर के किसी पुलिसकर्मी को भरतपुर ट्रांसफर करा दिया जाए तो यह बड़ी उपलब्धि होगी।
डोटासरा ने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन सरकारी मंत्रियों की बात नहीं सुन रहा, और सरकार के हाथ में कुछ भी नियंत्रण नहीं है।
PM मोदी ने मेरा गमछा डांस कॉपी किया
पीएम नरेंद्र मोदी के हालिया गमछा डांस पर तंज कसते हुए डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री मेरी शैली की नकल कर रहे हैं। मगर उनकी परफॉर्मेंस में दम दिखाई नहीं देता। उनका कहना था कि मोदी का गमछा भी जवाब दे गया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ डोटासरा का ही काम है, कोई इसकी बराबरी नहीं कर सकता।
भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप
डोटासरा ने भाजपा व RSS को निशाने पर लेते हुए कहा कि इनके “मुंह में राम और बगल में छुरी” है। भाजपा जनता से झूठे वादे करके सत्ता में आती है और बाद में भ्रष्टाचार में लिप्त होकर जनता की अनदेखी करती है। उन्होंने कहा कि यह लोग जनता को बहकाकर सत्ता हथियाने में माहिर हैं।
निकाय और पंचायत चुनावों पर गंभीर सवाल
डोटासरा ने दावा किया कि भाजपा सरकार निकाय और पंचायत चुनाव कराने से बच रही है।
उन्होंने कहा कि:
डेढ़ साल से जिला प्रमुख का चुनाव अटका हुआ है
ज्यादातर पंचायत समितियों पर प्रशासक बैठा दिए गए
भरतपुर में कांग्रेस प्रधान को हटाकर ‘बड़ा खेला’ किया गया
उन्होंने कहा कि भाजपा शायद चुनाव करवाना ही नहीं चाहती। इस मुद्दे पर कांग्रेस कोर्ट में लड़ाई लड़ रही है और जनता के हक की आवाज बुलंद करेगी।
जनता दरबार पर सवाल: जनता BJP ऑफिस क्यों जाएगी?
डोटासरा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही दो साल से अपनी सुनवाई नहीं करवा पाए हैं, तो आम जनता की कौन सुनेगा?
उन्होंने सुझाव दिया कि मंत्री सर्किट हाउस, जिला परिषद या कलेक्ट्रेट में जाकर जनसुनवाई करें। अधिकारियों द्वारा नेताओं तक के लिए गेट न खोलना दर्शाता है कि प्रशासन जनता को कितनी गंभीरता से ले रहा है।
उनके अनुसार ब्यूरोक्रेसी पूरी तरह स्वतंत्र होकर मजे ले रही है और जनता परेशान है।
डूंगरी बांध विवाद पर कांग्रेस जनता के साथ
डूंगरी बांध परियोजना को लेकर डोटासरा ने कहा कि जनता में असंतोष बढ़ रहा है। कांग्रेस जनता के साथ है और उनकी समस्याओं को समझते हुए सरकार पर दबाव बनाएगी।
कांग्रेस में उम्र सीमा का नियम नहीं
जिलाध्यक्ष नियुक्तियों को लेकर उन्होंने भाजपा पर तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस में मोदी जैसी उम्र सीमा की बाधा नहीं है। पार्टी ने जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की राय लेकर ही सूची जारी की है।


