शोभना शर्मा। राजस्थान की राजनीति में बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। जोधपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने रविवार को प्रेस वार्ता कर बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर सीधा हमला बोला। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी डगमगा रही है और दिल्ली से लेकर जयपुर तक पूरी स्थिति का फीडबैक लिया जा चुका है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बीजेपी के भीतर ही असंतोष की स्थिति है और संगठन ने तय कर लिया है कि अगर जरूरत पड़ी तो पर्ची बदलने में देर नहीं की जाएगी।
डोटासरा बोले “मुख्यमंत्री की कुर्सी हिली हुई है”
डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की स्थिति बेहद कमजोर है। दिल्ली के शीर्ष नेतृत्व तक यह बात पहुंच चुकी है कि राजस्थान में सरकार डिलीवर नहीं कर पा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “संगठन से बड़ा कोई नहीं होता। संगठन ने मेहनत करके सरकार बनाई, तो जनता और कार्यकर्ताओं को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। लेकिन आज हालत यह है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पूरी तरह हिली हुई है और पर्ची बदलने की तैयारी चल रही है।”
“कांग्रेस के कामों को डेढ़ साल में खत्म कर दिया”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार की उपलब्धियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल बार-बार यह जुमला दोहरा रहा है कि कांग्रेस ने पांच साल में जितना काम किया, उतना उन्होंने डेढ़ साल में कर दिया। इस पर डोटासरा ने पलटवार करते हुए कहा, “यह बिल्कुल सही है कि कांग्रेस ने जो काम पांच साल में किया था, उसे इन्होंने डेढ़ साल में खत्म कर दिया। शिक्षा, चिकित्सा और किसानों से जुड़े सभी मामलों को बर्बाद कर दिया गया है। आज किसान खाद के लिए लाठियां खा रहे हैं।”
“मंत्री जेसीबी और टावर पर चढ़ रहे हैं”
डोटासरा ने सरकार के मंत्रियों के तौर-तरीकों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुलझाने की बजाय मंत्री नौटंकी कर रहे हैं। “कभी मंत्री जेसीबी पर चढ़ जाते हैं, कभी टावर पर चढ़ते हैं और कभी हेलीकॉप्टर में उड़ान भरते हैं। लेकिन असली मुद्दों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। किसान परेशान हैं, बेरोजगार हताश हैं और शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है।”
“किरोड़ी लाल और जवाहर सिंह बेढम की लड़ाई”
डोटासरा ने बीजेपी के भीतर चल रही खींचतान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में मंत्री एक-दूसरे की शिकायत लेकर दिल्ली घूम रहे हैं। “चार दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने शिक्षा मंत्री जवाहर सिंह बेढम की शिकायत की कि इसने पूरे प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया। अब बकरी और शेर को एक घाट पर पानी पिला दिया गया है। दोनों को एक साथ हेलीकॉप्टर में भेजा जा रहा है.” डोटासरा का यह बयान बीजेपी के भीतर गुटबाजी और आपसी टकराव को उजागर करता है।
“भजनलाल भाग्य से मुख्यमंत्री बने”
डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि वे भाग्य से मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा, “भजनलाल जी का भाग्य अच्छा था, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी मिल गई। लेकिन जनता पद के हिसाब से आकलन नहीं करती, बल्कि काम के हिसाब से करती है। जब जनता को लगेगा कि सरकार काम नहीं कर रही है तो वह सवाल जरूर उठाएगी।”
कांग्रेस की रणनीति
डोटासरा ने संकेत दिया कि कांग्रेस अब सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर बताएंगे कि बीजेपी ने डेढ़ साल में प्रदेश की हालत खराब कर दी है। उनका दावा था कि जनता कांग्रेस की नीतियों और योजनाओं को आज भी याद करती है और आने वाले चुनाव में उसका असर दिखेगा।


