latest-newsअजमेरदेशराजस्थान

RRTE अजमेर में पटवारी भर्ती-2025 का डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन शुरू

RRTE अजमेर में पटवारी भर्ती-2025 का डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन शुरू

शोभना शर्मा।  राजस्व मंडल अजमेर की ओर से पटवार प्रतियोगी परीक्षा-2025 में अस्थाई रूप से चयनित अभ्यर्थियों के डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन और पात्रता जांच की प्रक्रिया RRTE (राजस्‍व अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्‍थान), अजमेर में शुरू कर दी गई है। रविवार सुबह से ही संस्थान परिसर में अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चयनित अभ्यर्थियों का विवरण और दस्तावेजों की संपूर्ण जांच आठ दिनों तक की जाएगी।

41 टीमों को जिम्मेदारी, प्रतिदिन 1025 अभ्यर्थियों की जांच

राजस्व मंडल प्रशासन के अनुसार डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन के लिए कुल 41 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें प्रत्येक टीम तीन सदस्यों की है। इन टीमों द्वारा प्रतिदिन करीब 1025 अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इस भर्ती में 3705 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं और वेरिफिकेशन के लिए पदों की संख्या से दोगुने अभ्यर्थियों यानी कुल 7410 उम्मीदवारों को बुलाया गया है।

15 दिसंबर अंतिम दिन, तारीख बदलने की संभावना

सूचना के अनुसार डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन का अंतिम दिन 15 दिसंबर निर्धारित है। हालांकि प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि अंतिम दिन बुलाए गए उम्मीदवारों की तारीख में संभावित परिवर्तन हो सकता है, इसलिए अभ्यर्थी लगातार आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें।
इससे पहले राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर ने पटवार प्रतियोगी परीक्षा-2025 का आयोजन 17 अगस्त 2025 को कराया था और परीक्षा परिणाम 3 दिसंबर 2025 को जारी किया गया था।

कैंडिडेट्स को लाने होंगे ये अनिवार्य डॉक्युमेंट्स

डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन के दौरान अभ्यर्थियों को निम्न दस्तावेजों के स्वयं प्रमाणित दो सेट प्रस्तुत करना अनिवार्य है—

  • चयन बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड किया गया डिटेल्ड एप्लिकेशन फॉर्म व स्क्रूटनी फॉर्म की दो अलग-अलग भरी हुई प्रतियां

  • फ़ीस के लिए 100 रुपए का पोस्टल ऑर्डर, सचिव, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर के नाम देय

  • शैक्षणिक योग्यता और कंप्यूटर योग्यता के सभी प्रमाणपत्र व मार्कशीट की प्रतियां

  • माध्यमिक मार्कशीट या जन्म प्रमाणपत्र जन्मतिथि सत्यापन हेतु

  • मूल निवास प्रमाणपत्र, तथा TSP उम्मीदवारों के लिए विशेष TSP निवास प्रमाणपत्र

  • जाति प्रमाणपत्र (EWS/SC/ST/OBC/MBC के लिए) और MBC प्रमाणपत्र में जाति का नाम उल्लेखित होना आवश्यक

  • सहरिया आदिम जाति प्रमाणपत्र, यदि लागू हो

  • विधवा उम्मीदवारों के लिए: पति का मृत्यु प्रमाणपत्र, विवाह प्रमाणपत्र, पहचान पत्र के दस्तावेज और पुनर्विवाह न करने का फोटोयुक्त स्व–घोषणा पत्र

  • परित्यक्ता महिलाओं के लिए: तलाक डिक्री की प्रति, यदि संयुक्त आईडी है तो संलग्न करें, तथा पुनर्विवाह न करने का स्व–घोषणा पत्र

  • दिव्यांगजनों के लिए: सक्षम मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी 40% या अधिक दिव्यांगता प्रमाणपत्र

  • उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए: भर्ती विज्ञापन के अनुसार प्रमाणपत्र, और ये आवेदन की अंतिम तिथि से पूर्व के होने चाहिए

  • भूतपूर्व सैनिकों के लिए: डिस्चार्ज ऑर्डर/सेवानिवृत्ति प्रमाणपत्र/एनओसी एवं स्व–घोषणा पत्र

  • दो राजपत्रित अधिकारियों द्वारा जारी चरित्र प्रमाणपत्र, तथा अंतिम शिक्षण संस्थान का चरित्र प्रमाणपत्र

  • बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध हस्तलिपि प्रपत्र (दो प्रतियां)

  • विवाहित उम्मीदवारों के लिए विवाह प्रमाणपत्र

  • नाम में वर्तनी में अंतर होने पर शपथ पत्र

  • आधार/आईडी प्रमाणपत्र और दो पासपोर्ट साइज़ फोटो

प्रशासन ने दिए दिशा–निर्देश

राजस्व मंडल ने स्पष्ट किया है कि दी गई समय-सूची से अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को कोई द्वितीय अवसर नहीं दिया जाएगा। आवेदन फॉर्म की फोटोकॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी प्रमाणपत्र निर्धारित फॉर्मेट व क्रम में लाना अनिवार्य है।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading